Sports

खेल डैस्क : टीम इंडिया ने आखिरकार इतिहास रच दिया। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया ने आईसीसी ट्रॉफी का सूखा 11 साल बाद खत्म कर दिया। पिछले 12 महीनों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, वनडे विश्व कप 2023 फाइनल गंवाने वाली टीम इंडिया रोहित की कप्तानी में टी20 विश्व कप फाइनल में चोक नहीं हुई। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बारबाडोस के मैदान पर टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका भी 28 साल में पहली बार किसी आईसीसी फाइनल में पहुंची थी। फाइनल में पहुंचने तक भारत और दक्षिण अफ्रीकी की टीमें अविजित थीं। लेकिन फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने बताया कि विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट कौन-सा देश खेलता है। बहरहाल, टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए विराट कोहली के 76, अक्षर पटेल के 47 तो शिवम दुबे के 27 रन की बदौलत 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 169 रन ही बना पाई। टीम इंडिया की जीत में बुमराह और अर्शदीप का फेंका गया 18वां और 19वां बड़ा कारक रहा। दोनों ने इन महत्वपूर्ण ओवरों में केवल 6 रन ही दिए थे।

 

 

भारत : 176/7 (20)


महाराज ने पहली ओवर में लिए 2 विकेट : टीम इंडिया की ओर से ओपनिंग पर रोहित शर्मा के साथ विराट कोहली आए। विराट इस दौरान लय में दिखे। उन्होंने मार्क येन्सन की पहली ही ओवर में तीन चौके जड़ दिए। यह देखकर अफ्रीकी कप्तान ऐडन ने केशव महाराज को गेंद थमा दी। रोहित शर्मा ने दो चौकों के साथ उनका स्वागत किया लेकिन चौथी गेंद पर क्लासेन के हाथों लपके गए। महाराज यही नहीं थमे। उन्होंने ओवर के आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत को भी 0 पर डीकॉक के हाथों कैच आऊट करा दिया। 

 

T20 World Cup Final, T20 World Cup 2024, Team india, IND vs SA, Rohit sharma, Aiden Markram, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल, टी20 वर्ल्ड कप 2024, टीम इंडिया, रोहित शर्मा, एडेन मार्कराम

 

रबाडा ने सूर्यकुमार का विकेट निकाला : पंत के आऊट होने के बाद सूर्यकुमार क्रीज पर आए। सूर्यकुमार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इससे पहले छह मैचों में 4 अर्धशतक और एक शतक का रिकॉर्ड लिए हुए हैं। लेकिन आज फाइनल में वह 3 ही रन बनाकर आऊट हो गए। उन्हें कागिसा रबाडा ने क्लासेन के हाथों कैच आऊट कराया। तब टीम इंडिया का स्कोर 34/3 ही था। टीम पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा चुकी थी तो ऐसे में विराट कोहली के साथ अक्षर पटेल ने पारी को संभाला।

 

T20 World Cup Final, T20 World Cup 2024, Team india, IND vs SA, Rohit sharma, Aiden Markram, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल, टी20 वर्ल्ड कप 2024, टीम इंडिया, रोहित शर्मा, एडेन मार्कराम

 

अक्षर 47 रन बनाकर रन आऊट : 10 ओवर में टीम इंडिया का स्कोर 75-3 हो गया था। कोहली की स्ट्राइकरेट 125 के आसपास थी। उनसे फैंस बड़ी पारी की उम्मीद लगाए बैठे थे। बहरहाल, दोनों ने सिंगल डबल लेकर स्कोर आगे बढ़ाया लेकिन इस बीच रन रेट नीचे आ गई। 13वें ओवर तक विराट की स्ट्राइक रेट 113 थी जबकि अक्षर की 137। अक्षर 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर रन आऊट हुए। उन्होंने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए।

कोहली की 48 गेंदों पर आई फिफ्टी : विराट ने भले ही पहले ओवर में 3 चौके लगाकर शुरूआत की लेकिन अन्य शोर से विकेट गिर जाने के कारण वह धीमे हो गए। उन्होंने 48 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। वह सिंगल-डबल लेने में ही मशगूल दिखे। विराट की यह टूर्नामेंट में पहली फिफ्टी है। हालांकि दूसरे शोर से पहले अक्षर और बाद में शिवम दुबे ने तेजी से रन बनाए। 

 

T20 World Cup Final, T20 World Cup 2024, Team india, IND vs SA, Rohit sharma, Aiden Markram, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल, टी20 वर्ल्ड कप 2024, टीम इंडिया, रोहित शर्मा, एडेन मार्कराम

 

कोहली ने स्टेडियम के बाहर मारी गेंद : फिफ्टी पूरी होते ही विराट ने आक्रमक रुख अपना लिया। उन्होंने 18वें ओवर की पहली गेंद पर रबाडा को सिक्स तो तीसरी गेंद पर चौका लगाया। वह रुके नहीं। 19वें ओवर में उन्होंने मार्को येन्सन को चौका और छक्का लगाया लेकिन इसी ओवर में गेंद उड़ाने के चक्कर में वह कैच आऊट हो गए। विराट ने 59 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए।

दुबे-हार्दिक ने 176 रन तक पहुंचाया : विराट के आऊट होने के बाद क्रीज पर आए हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद 20वें ओवर में गेंद एनरिक के हाथ में थी। दुबे ने तीसरी गेंद पर चौथा लगाया लेकिन चौथी  गेंद पर मिलर को कैच दे बैठे। दुबे ने 16 गेंदों पर 27 रन बनाए। आखिर गेंद पर रविंद्र जडेजा भी 2 रन बनाकर महाराज को कैच थमा बैठे।

 

 

 

यह भी पढ़ें :-  IND vs SA : बुमराह की अनप्लेबल गेंद पर उड़ी रीजा हेंड्रिक्स की गिल्लियां, देखें शानदार गेंद

 

 

यह भी पढ़ें :-  IND vs SA : अक्षर पटेल ने महाराज को मारा दनदनाता सिक्स, विराट से मिला 'थम्स अप'

 

 

यह भी पढ़ें :-  जसप्रीत बुमराह ने की रोहित शर्मा, कहा- उनका प्रदर्शन बिल्कुल शानदार रहा है

 

 

दक्षिण अफ्रीका : 169-8

बुमराह ने निकाली पहली विकेट : अर्शदीप ने पहला ओवर फेंका। उनकी एक गेंद पर रीजा कैच होने से भी बचे। लेकिन टीम इंडिया का पहला विकेट बुमराह की ओवर में मिल गया। बुमराह की गेंद को दक्षिण अफ्रीकी ओपनर रीजा हेंडरिक्स समझ ही नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए। वह 5 गेंदों पर 4 ही रन बना पाए। रीजा के लिए यह विश्व कप खराब रहा है। वह बड़े स्कोर बनाने में नाकाम ही रहे हैं।

अर्शदीप ने कप्तान को पवेलियन भेजा : तीसरा ओवर फेंकने लौटे अर्शदीप ने आऊट स्विंगर फेंककर दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ऐडन मारक्रम को अपने झांसे में ले लिया। विकेट के पीछे खड़े पंत ने छलांग लगाकर ऐडन का कैच पकड़ा। ऐडन ने 4 ही रन बनाए। स्कोर जब 12 रन पर 2 विकेट था तब डीकॉक के साथ मिलकर ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर शॉट लगाए।

 

अक्षर ने दिलाई तीसरी विकेट : ट्रिस्टन लय में दिखे। उन्हें 9वें ओवर में अक्षर पटेल ने बोल्ड किया। ट्रिस्टन ने 21 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। वहीं, दूसरे छोर पर खड़े डीकॉक पर जिम्मेदारी और बढ़ गई। डीकॉक पीछे नहीं हटे। उन्होंने जिम्मेदारी ली और कुछ शॉट लगाए। उन्हें हेनरिक क्लासेन से भरपूर सहयोग मिला। हेनरिक लय में नजर आए और उन्होंने तीन छक्के लगाकर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 पार करवाया।

डीकॉक आऊट : 13वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने स्ट्राइक करते हुए डीकॉक को आऊट कर दिया। डीकॉक ने 31 गेंदों पर 39 रन बनाए। यह ऐसा समय था जब भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव प्रभाव जमा नहीं पा रहे थे। यह टी20 विश्व कप में अर्शदीप की 17वीं विकेट भी रही। उन्होंने अफगानिस्तान के फहलहक फारूखी (17 विकेट) का रिकॉर्ड बराबर कर लिया।

 

अक्षर पटेल ने 1 ओवर में दिए 24 रन : टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल द्वारा फेंका गया 15वां ओवर सबसे खराब गया। इस ओवर में क्लासेन आगे थे। उन्होंने अक्षर की गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्के लगाकर 24 रन निकाल लिए। इससे दक्षिण अफ्रीका को आखिरी 30 गेंदों पर 30 रन की दरकार हो गई। इससे पहले यह 36 गेंदों पर 54 रन थी। मिलर और क्लासेन ने इसी के साथ 23 गेंदों पर ही 51 रन की पार्टनरशिप बना ली।

क्लासेन को हार्दिक ने दिखाई पवेलियन की राह : क्लासेन ने 23 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की और भारतीय टीम के लिए मुसीबत बन गए। लेकिन 17वां ओवर फेंकने आए हार्दिक पांड्या ने करिश्मा कर दिखाया। उनकी वाइड जाती गेंद पर हेनरिक बल्ला अड़ा बैठे। विकेटकीपर पंत ने इस पकड़कर क्लासेन की पारी को 52 रन पर समाप्त कर दिया। क्लासेन ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए।

 

बुमराह का जादू चला : 18वां ओवर फेंकने आए बुमराह ने निराश नहीं किया और चौथी गेंद पर यान्सेन का बोल्ड कर दिया। इससे दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों को बड़ा झटका लग गया। बुमराह ने इस ओवर में 2 रन दिए। 19वें ओवर में अर्शदीप भी बेहतरीन रहे। उन्होंने महज 4 रन ही दिए। इससे दक्षिण अफ्रीका को आखिरी 6 गेंदों पर 16 रन बनाने का टारगेट मिला। क्रीज पर डेविड मिलर बने हुए थे।

सूर्यकुमार की बेहतरीन कैच ने पलटा मैच : मिलर क्रीज पर थे। उन्होंने 20वां ओवर फेंकने आए हार्दिक पांड्या की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाया लेकिन बाऊंड्री रोप पर उन्हें सूर्यकुमार यादव ने लपक लिया। इसके बाद गेम पलट गया। आखिर में रबाडा और केशव महाराज के हाथ में मौका था लेकिन वह इसे भुना नहीं पाए और 7 रन से मुकाबला गंवा दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए यह पहली बार टी20 विश्व कप जीतने का मौका था जो वह भुना नहीं पाए।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह

दक्षिण अफ्रीका : क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्कराम (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को जानसन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे, तबरेज शम्सी