ओस्लो , नॉर्वे ( निकलेश जैन ) नॉर्वे शतरंज 2026 में तीसरे राउंड में भारत के आर प्रज्ञानंदा नें बड़ा परिणाम हासिल करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को पराजित करते हुए अपने खेल जीवन में कार्लसन के उपर दूसरी जीत दर्ज की , सफेद मोहरो से खेल रहे प्रज्ञानंदा नें सिसिलियन नजदोर्फ़ ओपनिंग में कार्लसन के ख़िलाफ़ अपनी छठी चाल में अपने राजा के और के हाथी वाले प्यादे को दो घर चलकर चौंकाया पर कार्लसन नें खेली की 14वीं चाल में अपने हाथी को प्रज्ञानन्दा के घोड़े के बदले क़ुर्बान करते हुए राज की और आक्रमण करते हुए खेल की प्रकृति बदलने की कोशिश की पर इसके बाद कार्लसन की कुछ ग़लत चालों का फ़ायदा उठाते हुए प्रज्ञानन्दा नें अपनी सटीक चालों से खेल अपने पक्ष में झुका लिया हालाँकि एंडगेम में कार्लसन नें एक बार वापसी जरूर की पर उतार चढ़ाव से भरा यह खेल अंततः प्रज्ञानंदा के लिए 46 चालों में शानदार जीत लेकर आया। लंबे समय से अपनी लय हासिल करने की कोशिश कर रहे प्रज्ञानन्दा के लिए यह जीत उनकी वापसी के तौर पर देखी जा रही है । अन्य बाज़ियों में गुकेश और अलीरेजा के बीच क्लासिकल बाजी ड्रा रही हालांकि टाईब्रेक में अलीरेजा नें हारी बाजी जीत ली वहीं विंसेंट केमर के ख़िलाफ़ वेस्ली सो नें टाईब्रेक जीता ।
वहीं महिला वर्ग में सभी क्लासिकल बाज़ियों बेनतीजा रही तो टाईब्रेक मे भारत की दिव्या देशमुख नें सबसे आगे चल रही कजाकिस्तान की बिबीसारा असुबयेवा को , चीन की जू जिनेर नें हमवतन विश्व चैंपियन जू वेंजुन को और यूक्रेन की अन्ना मुज़्यचुक नें भारत की कोनेरू हंपी को मात दी . फ़िलहाल पुरुष वर्ग में अलीरेज़ा तो महिला वर्ग में बिबीसारा सबसे आगे चल रही है ।