Sports

खेल डैस्क : दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अहम मुकाबला जीतकर अंत तालिका को और रोचक बना दिया है। दिल्ली की 12 मैचों में यह छठी जीत है। अब वह चौथे स्थान के लिए चेन्नई, हैदराबाद और लखनऊ को टक्कर देती नजर आ रही है। मैच की बात की जाए तो दिल्ली ने जेक फ्रेजर के 50, अभिषेक पोरेल के 65 तो ट्रिस्टन स्टब्स के 41 रन की बदौलत 8 विकेट पर 221 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी राजस्थान की टीम संजू सैमसन के 46 गेंदों पर 86 रनों के बावजूद 8 विकेट पर 208 रन ही बना पाई और मुकाबला 20 रन से गंवा दिया। राजस्थान की सीजन में यह लगातार दूसरी हार है। अब उनके आगामी मुकाबले चेन्नई, पंजाब और कोलकाता के खिलाफ हैं।

 


दिल्ली कैपिटल्स : 221-8 (20 ओवर)

दिल्ली के लिए डेविड वॉर्नर की गैरहाजिरी में जैक फ्रेजर के साथ अभिषेक पोरेल ओपनिंग के लिए आए। फ्रेजर ने शुरूआती ओवरों में ही तेजतर्रार रन बनाए। उन्होंने आवेश खान की एक ओवर में 28 रन भी खींचे। और मात्र 19 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। सीजन का चौथा अर्धशतक लगाने के बाद फ्रेजर राजस्थान के स्पिनर अश्विन की गेंद पर आऊट हो गए। उन्होंने 50 रन की पारी में 7 चौके और 3 छक्के जड़े। इसके बाद अभिषेक पाेरेल ने अर्धशतक जड़ा और टीम का स्कोर 100 से ऊपर ले गए। राजस्थान के लिए सीजन में पहली बार अश्विन का जादू चला। उन्होंने फ्रेजर के बाद अक्षर पटेल को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जम रहे अभिषेक पोरेल को भी संदीप के हाथों कैच आऊट करवाया। अभिषेक ने 36 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। क्रीज पर आए ऋषभ पंत भी लंबा नहीं खेल पाए और 13 गेंदों पर 15 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और गुलबद्दीन ने पारी को आगे बढ़ाया। गुलबद्दीन तो 15 गेंदों पर 19 रन बनाकर आऊट हो गए लेकिन इसके बाद ट्रिस्टन ने 20 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर स्कोर 200 पार पहुंचाया। अंत में रसिख ने कुछ शॉट लगाकर स्कोर 221 तक पहुंचा दिया। 
 

 

यह भी पढ़ें:-  चेन्नई के बल्लेबाज ने तोड़ा क्रिकेट फैन का आईफोन, बाद में दिया यह बड़ा गिफ्ट

 

 

यह भी पढ़ें:-  DC vs RR : जेक फ्रेजर ने ठोका सीजन का चौथा अर्धशतक, बने पावरप्ले के बिग बॉस

 

 

यह भी पढ़ें:- टी20 क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छूने वाले युजवेंद्र चहल बने पहले भारतीय गेंदबाज

 

 

राजस्थान रॉयल्स : 201-8 (20 Ov)

राजस्थान की शुरूआत खराब रही। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ओपनर यशस्वी जायसवाल खलील अहमद का शिकार हो गए। इसके बाद जोस बटलर ने कप्तान संजू सैमसन के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। बटलर ने 17 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए। सैमसन को रियान पराग का भी साथ मिला जिन्होंने 22 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। तभी कप्तान सैमसन ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह सीजन में उनका 5वां अर्धशतक रहा। संजू ने 46 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 86 रन बनाए। वह जब आऊट हुए तो राजस्थान को जीत के लिए 60 रन चाहिए थे। सैमसन के बाद शुभम दुबे 12 गेंदों पर 25 रन बनाकर आऊट हो गए। फरेरा 1 तो रविचंद्रन अश्विन 2 रन बनाकर आऊट हो गए। आखिरी ओवर में रोवमैन पॉवेल ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए लेकिन राजस्थान की टीम लक्ष्य से दूर रह गई। उन्हें 20 रन से हार झेलनी पड़ी। 

 

 


अपडेट होकर अंक तालिका हुई रोचक
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत बेहद जरूरी थी। अब उनके 12 मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं। उन्हें प्लेऑफ में जाने के लिए बेंगलुरु और लखनऊ को बड़े अंतर से हराना होगा। जबकि यह दोनों टीमें भी आगे बढ़ने के लिए मैच जीतने चाहेंगी। राजस्थान को इस हार से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।  उसके अभी तीन मुकाबले चेन्नई, पंजाब और कोलकाता के खिलाफ बाकी हैं, वह एक मुकाबला जीतकर भी सेमीफाइनल में पक्के हैं। लेकिन राजस्थान लीग दौर को नंबर वन होकर खत्म करना चाहेगी। अभी कोलकाता 11 मैचों में 8 जीत के साथ पहले नंबर पर हैं। आगामी मुकाबला हैदराबाद और लखनऊ में हैं जोकि दोनों टीमों के लिए करो या मरो का मुकाबला है। 



दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दिल्ली : जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, गुलबदीन नैब, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, इशांत शर्मा, खलील अहमद

राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, डोनोवन फरेरा, रोवमैन पॉवेल, शुभम दुबे, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, अवेश खान, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।