Sports

खेल डैस्क : आखिरी ओवर में रियान पराग की कातिलाना गेंदबाजी, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह की स्टीक गेंदबाजी के चलते टीम इंडिया ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को पहले टी20 मुकाबले में 43 रन से मात दे दी। श्रीलंका के कप्तान असलांका ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी चुनी थी। भारत की ओर से जयसवाल ने 40, शुभमन गिल ने 34, सूर्यकुमार यादव ने 58, ऋषभ पंत ने 49 रन बनाए और स्कोर 213 तक पहुंचा दिया। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज पथिराना ने 40 रन देकर 4 विकेट लीं। जवाब में खेलने उतरी श्रीलंकाई टीम को पाथुम निसांका (71) का सहारा मिला। लेकिन अंत के ओवरों में रियान पराग ने महज 8 गेंदों पर 3 विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम को लक्ष्य से दूर कर दिया। श्रीलंका टीम 170 रन पर ऑलआऊट हो गई और टीम इंडिया ने 43 रन से मुकाबला जीता। 

 

 

भारत : 213/7 (20 ओवर)

पावरप्ले में भारत ने बनाए 74/1 रन : जायसवाल ने आते ही चौका लगाकर भारत को तेजतर्रार शुरूआत दी। शुभमन भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने पहले ही ओवर में 2 चौके लगाकर अपने इरादे दिखा दिए। जायसवाल रुके नहीं। उन्होंने विकेट के चारों ओर शॉट लगाए और रन रेट को 12 से ऊपर ही रखा। भारत ने पहले 4 ओवर में 51 रन बनाए थे। पावरप्ले खत्म होने तक भारत ने एक विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए थे। जायसवाल 40 रन पर नाबाद थे जबकि शुभमन गिल 16 गेंदों पर 34 रन बनाकर आऊट हो गए। 

जयसवाल ने बनाया रिकॉर्ड : शुभमन के आऊट होते ही अगली ही गेंद पर यशस्वी जयसवाल स्टंप आऊट हो गए। श्रीलंकाई स्पिनर हसरंगा की गेंद को वह समझ नहीं पाए थे। उन्होंने 21 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। वह इस समय पावरप्ले में सबसे तेजी से रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 167 चल रही है। जबकि वह पावरप्ले में 450 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनसे आगे ट्रेविस हेड ही हैं।

सूर्यकुमार के 26 गेंदों पर 58 रन : भारतीय टीम के लिए जयसवाल और शुभमन की तरह सूर्यकुमार ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने पारी की शुरूआत में ही सुपला शॉट लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सूर्यकुमार के क्रीज पर रहते ही भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में 150 रन बना लिए थे। सूर्य ने 26 गेंदों पर 8 चौके और दो छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। इसके बाद पंत एक छोर संभाले खड़े रहे। 

पंत ने बनाए 49 रन : टी20 की संभावित कप्तानी से हटाए गए हार्दिक पहले टी20 में धमाल नहीं मचा पाए। वह 10 गेंदों पर 9 ही रन बनाकर पथिराना की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस दौरान ऋषभ पंत अपनी कम स्ट्राइक रेट के कारण निशाने पर आते दिखे। पंत ने पथिराना की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 33 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 49 रन बनाए। इस दौरान रियान पराग भी 7 रन बनाकर पथिराना की गेंद पर आऊट हो गए। 

पथिराना को 4 विकेट, भारत के 213 रन : श्रीलंकाई गेंदबाज पथिराना ने अपने दूसरे स्पैल में लगातार विकेट लगाई और भारतीय टीम को 230 से पार जाने से रोक दिया। पथिराना ने सूर्य, पंत, हार्दिक और पराग के विकेट लिए। इससे भारतीय टीम का रन रेट गिर गया। अंत में अक्षर और अर्शदीप ने भारत को 213 रन तक पहुंचाया। 

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs SL : श्रीलंका के खिलाफ है सूर्यकुमार का तौबा-तौबा रिकॉर्ड, बनाया यह रिकॉर्ड

 

 

यह भी पढ़ें:-  ENG vs WI : जो रूट के 12 हजार टेस्ट रन पूरे, 7वें बल्लेबाज बने, लारा का रिकॉर्ड तोड़ा

 

 

यह भी पढ़ें:-  फोटोज में देखें Paris Olympics की ओपनिंग सेरेमनी, मेटल हॉर्स ने खींचा ध्यान

 

 

श्रीलंका : 170 (19.2 ओवर)

पावरप्ले में बने 55 रन : श्रीलंकाई टीम को ओपनर पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस ने तेजतर्रार शुरूआत दी। निसांका लय में दिखे। उन्होंने सिराज, अक्षर पटेल को निशाना बनाया। पावरप्ले तक ही श्रीलंका ने बिना विकेट गंवाए 44 रन बना लिए जबकि भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 74 रन बनाए थे। 

निसांका ने ठोका अर्धशतक : श्रीलंका ने अपना पहला विकेट 9वें ओवर में गंवाया। अर्शदीप की धीमी गेंद को मेंडिस समझ नहीं पाए और जयसवाल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 27 गेंदों पर 45 रन बनाए। इसके बाद निसांका ने अपना अर्धशतक पूरा और साथ ही टीम का स्कोर 100 पार करवाया। निसांका का साथ देने के लिए कुसल परेरा मैदान पर आए। श्रीलंका ने 12 ओवर में एक विकेट खोकर 120 रन बना लिए थे। 

निसांका 79 रन बनाकर आऊट : श्रीलंकाई ओपनर निसांका जब तक क्रीज पर रहे, श्रीलंकाई टीम मुकाबले में रही। निसांका 15वें ओवर में 79 रन बनाकर अक्षर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसी ओवर में कुसल परेरा (20) भी अक्षर का शिकार हो गए। 16वें ओवर में रवि बिश्नोई ने भारत को श्रीलंकाई कप्तान असलांका (0) की विकेट दिलाई और स्कोर 158 पर चार विकेट कर दिया। 

गेंदबाजी में चले पराग : पहले खेलते हुए रियान पराग 7 ही रन बना पाए थे लेकिन गेंदबाजी करते हुए उन्होंने एक ही ओवर में 2 विकेट निकालकर भारतीय टीम को राहत दे दी। हालांकि इसमें एक विकेट रन आऊट से आया था। श्रीलंकाई ऑलराऊंडर शनाका 0 रन पर ही रन आऊट हो गए। वहीं, इसी ओवर में कुमादु मेंडिस 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 17वें ओवर की शुरूआत में अर्शदीप ने पहली ही गेंद पर हसरंगा (2) की विकेट लेकर मैच को भारत की ओर मोड़ दिया।  

श्रीलंका 170 रन ही बना पाई : श्रीलंका को आखिरी 2 ओवर में जीत के लिए 50 रन चाहिए थे। क्रीज पर पथिराना के साथ ठीकषाना थे। सिराज ने तभी पथिराना (6) की विकेट निकाल दी। पराग ने फिर गेंद थामी और लगातार दो गेंदों पर विकेट निकालकर श्रीलंका को 170 रन पर ही ऑलआऊट कर दिया। टीम इंडिया को 43 रनों से जीत मिली। 


 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत : शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रियान पराग, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज

श्रीलंका : पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, चैरिथ असलांका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, दासुन शनाका, महीश थीक्षाना, मथीशा पथिराना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका