Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से अपने नए अभियान की शुरुआत करने जा रही है। 26 जून को बेलफास्ट में खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले में टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जिनके डेब्यू का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।

भारत का आयरलैंड पर रहा है दबदबा

भारत और आयरलैंड के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2024 टी20 विश्व कप में हुई थी, जहां भारत ने आयरलैंड को आठ विकेट से हराया था।

ओपनिंग में अभिषेक-सैमसन की जोड़ी उतर सकती है

पहले टी20 में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के पारी की शुरुआत करने की संभावना है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी उत्साह है, लेकिन संकेत यही हैं कि टीम प्रबंधन पहले मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगा। ऐसे में उनका डेब्यू दूसरे टी20 या फिर इंग्लैंड दौरे पर हो सकता है।

डेब्यू मिला तो टूट जाएगा सचिन का रिकॉर्ड

अगर वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 में मौका मिलता है तो वह 15 साल 91 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। वह 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले महान बल्लेबाज Sachin Tendulkar का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

मिडिल ऑर्डर में अय्यर और तिलक पर जिम्मेदारी

कप्तान श्रेयस अय्यर नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं, जबकि तिलक वर्मा नंबर-5 की भूमिका निभाएंगे। दोनों खिलाड़ियों पर मध्यक्रम को मजबूती देने की जिम्मेदारी होगी। इसके बाद शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल टीम को बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी संतुलन प्रदान करेंगे।

गेंदबाजी आक्रमण में ये खिलाड़ी संभालेंगे मोर्चा

स्पिन विभाग में अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की जोड़ी नजर आ सकती है। वहीं तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा के कंधों पर रहने की संभावना है।

पहले टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह।

इन खिलाड़ियों को करना पड़ सकता है इंतजार

कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी को पहले मैच में अंतिम एकादश से बाहर बैठना पड़ सकता है। भारत की नजरें बेलफास्ट में जीत के साथ सीरीज का आगाज करने और आयरलैंड के खिलाफ अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने पर होंगी।