नई दिल्ली : भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे T20I से पहले भारत के टॉप ऑर्डर को लेकर हो रही चर्चा पर बात की। उन्होंने साफ किया कि भले ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में शामिल करने की मांग बढ़ रही है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि वैभव को जगह देने के लिए संजू सैमसन को टीम से बाहर किया जाना चाहिए। अनुभवी बल्लेबाज ने कहा कि टीम में सैमसन की जगह को लेकर लगातार अटकलें लगाना गैर-जरूरी है और इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को लंबे समय तक खेलने का मौका मिलना चाहिए।
पुजारा ने जियोस्टार पर कहा, 'मुझे लगता है कि भारत को संजू सैमसन के साथ बने रहना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी तरह का दबाव महसूस करना चाहिए। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में खुद को साबित किया है और उनके पास जो टैलेंट है, उसे देखते हुए उन्हें प्लेइंग XI में होना चाहिए। संजू सैमसन को टीम से बाहर करने को लेकर ज्यादा शोर नहीं होना चाहिए। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्हें लंबे समय तक खेलने का मौका मिलना चाहिए। संजू को बस नैचुरली बैटिंग करनी चाहिए और ज्यादा सोचना नहीं चाहिए।'
पुजारा ने माना कि सूर्यवंशी को मौका मिलना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि इस युवा खिलाड़ी को शामिल करने के लिए भारत के पहले से तय टॉप ऑर्डर को नहीं बिगाड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'अगर वैभव को खेलना है तो उन्हें खेलना चाहिए, लेकिन किसी को टीम से बाहर करके नहीं, बल्कि किसी को आराम देकर। अगर आप उन्हें मौका देना चाहते हैं, तो यह ठीक है। लेकिन आपको भारत के टॉप तीन खिलाड़ियों में से किसी को भी बाहर नहीं करना चाहिए, चाहे वह संजू हों, अभिषेक हों या ईशान किशन। इसके बावजूद वैभव को मौका मिलना चाहिए और उन्हें मौका जरूर मिलेगा।'
पुजारा ने कप्तान श्रेयस अय्यर की संयमित पारी की भी तारीफ की। डरहम में इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले T20I में शुरुआती झटकों से उबरने के बाद भारत ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया था। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद भारत ने शुरुआती विकेट गंवा दिए थे। पुजारा ने कहा कि अय्यर की पारी को संभालने और फिर तेजी लाने की काबिलियत ने मेहमान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पुजारा को लगा कि पावरप्ले में दबाव में आने के बाद अय्यर ने एक कप्तान से जैसी उम्मीद थी, वैसा ही खेल दिखाया, उन्होंने पारी के आगे बढ़ने के साथ सावधानी और आक्रामकता के बीच अच्छा तालमेल बिठाया।
पुजारा ने कहा, 'श्रेयस अय्यर की पारी बहुत अहम थी और जब आप टीम की कप्तानी कर रहे होते हैं, तो हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने काफी समझदारी दिखाई क्योंकि शुरुआती कुछ विकेट गिरने के बाद भारत मुश्किल में था।' उन्होंने मैच की स्थिति के हिसाब से अपनी पारी को आगे बढ़ाने और क्रीज पर जमने के बाद तेजी लाने के लिए भी अय्यर की तारीफ़ की। उन्होंने कहा, 'अभिषेक ने अच्छी पारी खेली, लेकिन श्रेयस के लिए एक छोर संभाले रखना और समय लेना जरूरी था। एक बार जमने के बाद, उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट खेले।'
पुजारा के मुताबिक, भारतीय कप्तान की पारी में जिम्मेदारी और नेतृत्व दोनों ही झलक रहे थे जिससे 20 ओवर खत्म होने तक टीम बहुत मजबूत स्थिति में पहुंच गई। उन्होंने कहा, 'अगर आप 20 ओवर के बाद उनकी पारी को देखें, तो आपको पता चलता है कि एक कप्तान के तौर पर उन्होंने अपना काम बखूबी किया है। उन्होंने अपनी टीम को बहुत मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। एक लीडर और एक बल्लेबाज, दोनों ही भूमिकाओं में श्रेयस की यह पारी एकदम शानदार थी।'