Sports

सिडनी: भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में शानदार अभियान सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। सिडनी में खेले गए मुकाबले में उन्हें मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ 22-20, 21-12 से हार का सामना करना पड़ा।

पहले गेम में सिंधु ने शानदार शुरुआत की और लंबे समय तक बढ़त बनाए रखी। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और गेम ड्यूस तक पहुंच गया। निर्णायक क्षणों में यामागुची ने बेहतर खेल दिखाते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया।

पहले गेम की जीत से आत्मविश्वास हासिल करने वाली यामागुची ने दूसरे गेम में भी दबदबा बनाए रखा। सिंधु ने शुरुआत में बढ़त लेने की कोशिश की, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने लगातार अंक जुटाते हुए 18-9 की मजबूत बढ़त बना ली। अंत में सिंधु के नेट में शटल मारने के साथ मुकाबला खत्म हो गया।

सिंधु ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने चीनी ताइपे की चेन सु-यू को सिर्फ 27 मिनट में 21-6, 21-9 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में काफी प्रभावशाली रहा।

विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज सिंधु के लिए यह 2026 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सीजन का दूसरा सेमीफाइनल था। इससे पहले वह जनवरी में मलेशिया ओपन के अंतिम चार तक पहुंची थीं। भले ही वह सिडनी में खिताब नहीं जीत सकीं, लेकिन सेमीफाइनल तक का सफर उनके करियर की मजबूत वापसी का संकेत माना जा रहा है।