स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सुपर-8 चरण से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़ा रुख अपनाया है। टीम के प्रदर्शन से नाराज बोर्ड ने कथित तौर पर उन सभी खिलाड़ियों पर 5 मिलियन पाकिस्तानी रुपए का जुर्माना लगाया है, जो टूर्नामेंट में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है, क्योंकि सूची में टीम के बड़े नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। PCB का यह कदम भविष्य के लिए सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
किन खिलाड़ियों पर गिरी गाज?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जुर्माना झेलने वालों में स्टार बल्लेबाज Babar Azam, तेज गेंदबाज Shaheen Afridi और ऑलराउंडर Shadab Khan जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी शामिल हैं। सूत्रों का दावा है कि बोर्ड को लगा कि खिलाड़ियों को पहले काफी नरमी से ट्रीट किया गया, लेकिन अब प्रदर्शन के आधार पर जवाबदेही तय की जाएगी। प्रत्येक खिलाड़ी पर अलग-अलग 5 मिलियन PKR का जुर्माना लगाया गया है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 17 लाख रुपए के बराबर है।
ग्रुप स्टेज से सुपर-8 तक का सफर
पाकिस्तान को इस बार ग्रुप A में रखा गया था, जिसमें नीदरलैंड्स, नामीबिया, संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत जैसी टीमें शामिल थीं। पाकिस्तान ने एसोसिएट टीमों के खिलाफ जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बनाई, लेकिन उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा। सुपर-8 चरण में टीम लय बरकरार रखने में नाकाम रही और अहम मुकाबलों में दबाव नहीं संभाल सकी। इसी कारण उनका अभियान समय से पहले समाप्त हो गया।
PCB का सख्त संदेश
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भविष्य में औसत प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और बड़े मंच पर बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने यह भी तय किया है कि खिलाड़ियों को भविष्य में वित्तीय प्रोत्साहन तभी मिलेगा, जब वे अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करेंगे। यानी, अब केवल नाम या अनुभव के आधार पर लाभ नहीं दिया जाएगा।
क्रिकेट जगत में बहस तेज
PCB के इस फैसले ने क्रिकेट समुदाय में बहस छेड़ दी है। कुछ विशेषज्ञ इसे अनुशासनात्मक कदम मान रहे हैं, जो टीम में जवाबदेही बढ़ाएगा। वहीं, कुछ का मानना है कि केवल जुर्माना लगाने से प्रदर्शन में सुधार नहीं होगा, बल्कि टीम मैनेजमेंट और रणनीति पर भी ध्यान देने की जरूरत है।