स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। खबर है कि पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा को टूर्नामेंट के बाद टी20 कप्तानी से हटाया जा सकता है।
PCB अध्यक्ष प्रदर्शन से नाराज
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी टीम के प्रदर्शन से कथित तौर पर असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उन्हें चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया था, लेकिन नतीजे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे।
सूत्रों का कहना है कि नकवी ने सलमान आगा को टी20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है और मुख्य कोच माइक हेसन व चयनकर्ताओं के साथ खिलाड़ियों के भविष्य पर चर्चा करेंगे।
बाबर समेत कई दिग्गजों का करियर दांव पर?
सूत्रों के मुताबिक, सलमान आगा के अलावा बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर भी विश्व कप के बाद समाप्त हो सकता है।
अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाता, तो श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबला बाबर आजम के करियर का आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है।
कप्तानी की रेस में कौन?
नई कप्तानी के लिए शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी के नाम चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट अब युवा खिलाड़ियों को मौका देकर आधुनिक टी20 क्रिकेट की मांग के अनुसार नई रणनीति अपनाना चाहता है।
बड़े बदलाव के संकेत
मुख्य कोच माइक हेसन ने भी संकेत दिया था कि टूर्नामेंट के बाद टीम में युवाओं को शामिल कर नई दिशा में आगे बढ़ना जरूरी होगा। ऐसे में विश्व कप के बाद पाकिस्तान की टी20 टीम में बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं।