स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। कैंडी में खेले गए सुपर 8 मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों करीबी हार के बाद अब पाकिस्तान की किस्मत पूरी तरह उसके अपने हाथ में नहीं रही। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिससे अंक तालिका का समीकरण और जटिल हो गया। इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ अब पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी स्थान के लिए कड़ी टक्कर है।
इंग्लैंड ने पक्की की सेमीफाइनल सीट
इंग्लैंड ने सुपर 8 चरण में लगातार दो जीत दर्ज कर नॉकआउट में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने पहले श्रीलंका को 51 रनों से हराया और फिर पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में मात दी। कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार नेतृत्व करते हुए अपने T20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा। वह T20 वर्ल्ड कप इतिहास में शतक बनाने वाले पहले कप्तान बन गए। उनकी आक्रामक और संयमित पारी ने मैच का रुख इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया।
ब्रूक की कप्तानी पारी बनी निर्णायक
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ाती नजर आई। एक समय टीम दबाव में थी, लेकिन ब्रूक ने नंबर तीन पर प्रमोट किए जाने का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने पहले सैम कुरेन के साथ 45 रन की साझेदारी की और फिर विल जैक्स के साथ 52 रन जोड़कर पारी को संभाला। ब्रूक ने अपना शतक स्टाइल में पूरा किया—कवर के ऊपर छक्का और मिड-ऑफ पर चौका लगाकर। हालांकि उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड ने कुछ ही रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच गया। अंतिम ओवर में तीन रन की जरूरत थी और दो विकेट शेष थे। जोफ्रा आर्चर ने मिड-विकेट पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया।
पाकिस्तान की चूकी हुई बाजी
पाकिस्तान ने मुकाबले में मजबूत वापसी की कोशिश की थी। इंग्लैंड को एक समय 58/4 पर रोककर टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी। लेकिन मिडिल ओवर्स में ब्रूक की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने मैच पलट दिया। इस हार से पाकिस्तान का नेट रन रेट ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ, क्योंकि मुकाबला आखिरी ओवर तक गया। फिर भी, जीत हाथ से निकलने का अफसोस टीम को जरूर रहेगा।
सेमीफाइनल के लिए क्या है समीकरण?
अब पाकिस्तान की राह पूरी तरह साफ नहीं है। अगर न्यूजीलैंड अपने दोनों बचे हुए मुकाबले श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफजीत लेता है, तो पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी, भले ही वह श्रीलंका को हरा दे।
अगर न्यूजीलैंड दोनों मैच हारता है, तो पाकिस्तान को सिर्फ श्रीलंका पर जीत दर्ज करनी होगी। एक जीत और एक हार की स्थिति में नेट रन रेट अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम को बड़ी जीत की जरूरत पड़ सकती है।