सिलहट (बांग्लादेश) : बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने सोमवार को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपना 14वां टेस्ट शतक जड़ा। इस शतक के साथ उन्होंने मोमिनुल हक को पीछे छोड़ते हुए इस पारंपरिक फॉर्मेट में बांग्लादेशी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
अपना 102वां टेस्ट मैच खेल रहे रहीम ने मोहम्मद अब्बास के 85वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर यह मील का पत्थर हासिल किया। उन्हें ड्रेसिंग रूम में अपने साथियों और दर्शकों से खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सम्मान मिला। दूसरी पारी में अपनी 137 रनों की पारी के दौरान रहीम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 16000 रन भी पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर भी बन गए। अब तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उनके कुल 16,058 रन हो गए हैं।
यह 39 वर्षीय खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं जिनके नाम 6763 रन दर्ज हैं। सिलहट में अपनी इस बड़ी पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट में मेहमान टीम के सामने 437 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। ढाका में पहला टेस्ट 104 रनों से जीतने के बाद मेजबान टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करने की फिराक में है।