नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 79 गेंदों पर 125 रन की तूफानी पारी खेलने वाले ईशान किशन ने मैच के बाद एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कप्तान शुभमन गिल को अपनी डबल सेंचुरी से चूकने का जिम्मेदार ठहरा दिया।
बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में ईशान और शुभमन के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिली। ईशान ने हंसते हुए कहा कि अगर शुभमन उन्हें एक ओवर में छह छक्के मारने के लिए नहीं उकसाते, तो शायद वह वनडे करियर का दूसरा दोहरा शतक भी पूरा कर सकते थे।
'तुमने मेरे 70-75 रन खा लिए'
वीडियो में ईशान किशन ने शुभमन गिल से कहा, 'भाई, मुझे एक ओवर में छह छक्के मारने के चक्कर में तुमने मेरे 70-75 रन खा लिए।' इस पर शुभमन गिल ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया, 'मारने तो थे ही!' जिस पर ईशान ने हंसते हुए कहा, '100 प्रतिशत मारने थे।'
ऐसे गंवाया बड़ा मौका
37वें ओवर की शुरुआत में ईशान किशन 76 गेंदों पर 113 रन बनाकर खेल रहे थे। अफगानिस्तान के स्पिनर नागेयालिया खरोटे के ओवर में उन्होंने पहली दो वैध गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। अगर ईशान उस समय लंबी पारी खेलते रहते, तो उनके पास वनडे करियर का दूसरा दोहरा शतक लगाने का शानदार मौका था।
71 गेंदों में पूरा किया शतक
ईशान किशन ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने गियर बदल दिया। उन्होंने 52 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अगली 19 गेंदों में शतक ठोक दिया। महज 71 गेंदों में शतक पूरा कर उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत ने 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि दोनों महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की 237 रन की तीसरे विकेट की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। भारत ने यह मुकाबला 170 रन से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।