Sports

मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 16 दिसंबर को अबुधाबी में होने वाली नीलामी में कुल 350 क्रिकेटरों की बोली लगेगी जिनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। हाल ही में वनडे में संन्यास से वापसी करने वाले दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक का नाम भी अंतिम सूची में शामिल किया गया है। उनका आधार मूल्य एक करोड़ रुपए है। 

इस सूची में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी शामिल हैं, जिनका आधार मूल्य 2 करोड़ रुपए है। स्मिथ आखिरी बार 2021 में IPL में खेले थे। IPL की एक विज्ञप्ति के अनुसार खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कुल 1390 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। इसे बाद में घटाकर 1005 पर दिया गया था। इन खिलाड़ियों में से ही अंतिम 350 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है। IPL की 10 फ्रेंचाइजी टीमें इन 350 खिलाड़ियों में से ही बाकी बचे 77 स्थान को भरेंगे। 

नीलामी में खिलाड़ियों के पहले सेट में भारत और मुंबई के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं। इन दोनों ने अपना आधार मूल्य 75 लाख रुपए रखा है। शॉ 2018 से 2024 तक IPL में खेले थे, लेकिन पिछली बार नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। सरफराज 2021 के बाद से इस प्रतियोगिता में नहीं खेले हैं। IPL द्वारा साझा की गई सूची में दो आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क के अलावा न्यूजीलैंड और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक का आधार मूल्य दो करोड़ रुपए है। 

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा रिलीज किए गए ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने अपना आधार मूल्य 2 करोड़ रुपए रखा है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले कुणाल चंदेला और अशोक कुमार भी नीलामी की अंतिम सूची में शामिल हैं। तीन बार की विजेता KKR 64.3 करोड़ रुपए की सबसे अधिक धनराशि के साथ नीलामी में उतरेगी। उसके बाद पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का नंबर आता है जिसके पास 43.4 करोड़ रुपए की धनराशि बची है। 

एक बार IPL खिताब जीत चुकी सनराइजर्स हैदराबाद 25.5 करोड़ रुपए के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर है। नीलामी की अंतिम सूची में इंग्लैंड के 21 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ, तेज गेंदबाज गस एटकिंसन, लियाम लिविंगस्टोन और टेस्ट सलामी बल्लेबाज बेन डकेट शामिल हैं। इस नीलामी में ग्रीन पर बड़ी बोली लगने की संभावना है। 

ऑस्ट्रेलिया के कुल 19 खिलाड़ी सूची में शामिल हैं। इनमें ग्रीन के अलावा जोश इंगलिस, मैथ्यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और ब्यू वेबस्टर अन्य प्रमुख नाम हैं। दक्षिण अफ्रीका के 15 खिलाड़ी नीलामी सूची का हिस्सा हैं। इनमें डीकॉक और मिलर के साथ तेज गेंदबाज एनरिक नोर्किया, लुंगी एनगिडी, गेराल्ड कोएट्जी और ऑलराउंडर वियान मुल्डर भी शामिल हैं। 

नीलामी की सूची में जगह बनाने वाले वेस्टइंडीज के 9 खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और शमर जोसेफ, एकीम ऑगस्टे, शाई होप और रोस्टन चेस शामिल हैं। श्रीलंका के जिन 12 खिलाड़ियों ने नीलामी सूची में जगह बनाई है उनमें वानिंदु हसरंगा, दुनीथ वेल्लालेज, महेश तीक्षाना, त्रवीन मैथ्यू, पथुम निसांका, कुसल मेंडिस और कुसल परेरा भी शामिल है। न्यूजीलैंड के 16 और अफगानिस्तान के 10 खिलाड़ियों को नीलामी सूची में जगह मिली है। न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों में रचिन रवींद्र भी शामिल हैं जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने रिलीज कर दिया था। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों में रहमानुल्लाह गुरबाज और नवीन उल हक भी शामिल हैं। 

नए खिलाड़ी जो नीलामी में लेंगे हिस्सा : 

विदेशी खिलाड़ी : अरब गुल (अफ़गानिस्तान), माइल्स हैमंड (इंग्लैंड), डैन लैटेगन (इंग्लैंड), क्विंटन डी कॉक (साउथ अफ़्रीका) कॉनर एज़थरहुइज़न (साउथ अफ़्रीका), जॉर्ज लिंडे (साउथ अफ़्रीका), बयांदा माजोला (साउथ अफ़्रीका), ट्रैवीन मैथ्यू (श्रीलंका), बिनुरा फ़र्नांडो (श्रीलंका), कुसल परेरा (श्रीलंका), डुनिथ वेल्लालेज (श्रीलंका), अकीम ऑगस्टे (वेस्ट इंडीज़)।

भारतीय खिलाड़ी : सादेक हुसैन, विष्णु सोलंकी, साबिर खान, बृजेश शर्मा, कनिष्क चौहान, एरॉन जॉर्ज, जिक्कू ब्राइट, श्रीहरि नायर, माधव बजाज, श्रीवत्स आचार्य, यशराज पुंजा, साहिल पारख, रोशन वाघसरे, यश डिचोलकर, अयाज खान, धूमिल मतकर, नमन पुष्पक, परीक्षित वलसांगकर, पूरव अग्रवाल, ऋषभ चौहान, सागर सोलंकी, इजाज सांवरिया और अमन शेखावत।