Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 का फाइनल चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर अपने नाम कर लिया। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 5वीं बार चैंपियन बनी। इसी के साथ यह भी साफ हो गया कि किस खिलाड़ी ने क्या खोया, क्या पाया। गुजरात टीम के ओपनर शुभमन गिल ने ऑरेंज कैप पुरस्कार जीता। गुजरात के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने आईपीएल 2023 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। आइए नजर डालें IPL 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों पर-


1. शुभमन गिल
शुभमन गिल को आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने का तमगा मिला है। शुभमन ने सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती। शुभमन ने इस सीजन में 17 मैचों में 59.33 की औसत से 890 रन बनाए हैं। ये रन बनाते हुए उन्होंने 157.80 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए। 129 इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर रहा।

2. फाफ डु प्लेसिस
आईपीएल 2023 टूर्नामेंट की पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर काबिज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के कप्तान फाफ डू प्लेसिस इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। फाफ ने 14 मैचों में 56.15 की औसत और 153.68 की स्ट्राइक रेट से 730 रन बनाए हैं। इस रन के दौरान उन्होंने सबसे ज्यादा 8 अर्धशतक लगाए। 84 रन उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर था।


3. डेवोन कॉनवे
इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर डेवोन कॉननो भी शामिल हैं। कॉनवे फाइनल में 25 गेंदों पर 47 रन बनाकर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। कॉनवे ने सीजन के दौरान 16 मैचों में 51.69 की औसत और 139.70 की स्ट्राइक रेट से 672 रन भी बनाए। उन्होंने ये रन बनाते हुए 6 अर्धशतक भी लगाए हैं। सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 92 रन था।


4. विराट कोहली
सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में आरसीबी टीम के विस्फोटक बल्लेबाज विराट कोहली चौथे नंबर पर हैं। विराट ने 14 मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 53.25 की औसत से 639 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। इस बीच, उन्होंने 139.82 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 101 रन है।

5. यशस्वी जायसवाल
आईपीएल 2023 टूर्नामेंट में कई युवा खिलाड़ियों ने अपना जलवा बिखेरा। इन्हीं में से एक हैं यशस्वी जायसवाल। जायसवाल की बल्लेबाजी ने दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी प्रशंसा की। जायसवाल ने इस सीजन में 14 मैचों में 48.08 की औसत और 163.61 की स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। 124 उनका सीजन बेस्ट है।