Sports

स्पोर्ट्स डैस्क : आईपीएल 2023 का 63वां मैच  मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीचआज शाम 7:30 बजे लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले मुंबई फैंस को निराश कर देने वाली वाली खबर सामने आई। दरअसल, सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को कुत्ते ने काट लिया है। 

मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतने के लिए जमकर पसीना बहा रही हैं। इसी बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें अर्जुन लखनऊ के खिलाड़ियों से मिलते दिख रहे हैं। आप देख सकते हैं कि अर्जुन ने युद्धवीर सिंह चरक और मोहसिन खान से मुलाकात की। इसी में अर्जुन ने बताया कि उन्हें कुत्ते ने काट लिया है। एक क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर को गले लगाते वक्त पूछता है कि उंगली में क्या हुआ। जवाब में अर्जुन ने कहा कि कुत्ते ने काट लिया है। इसके बाद साथी क्रिकेटर ने पूछा कब, तो उन्‍होंने कहा कि एक दिन पहले।

कुत्ते ने इकाना स्टेडियम में काटा या कहीं और यह स्‍पष्‍ट नहीं है। कुत्ते ने उनके बॉलिंग आर्म की अंगुलियों के पास काटा है। लेकिन अच्छी खबर यह है कि घाव ज्यादा नहीं है क्योंकि उन्होंने नेट्स पर बॉलिंग शुरू कर दी है।

बता दें कि अर्जुन ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। 4 मैच में तीन विकेट लेने के बाद से अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल रहा है। मुंबई को अब अपना अगला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के हिसाब से मुंबई के लिए यह मुकाबला अहम है। मुंबई 14 अंक लेकर टेबल में तीसरे नंबर पर है। लखनऊ को भी किसी भी कीमत पर जीत चाहिए। 12 ही मैचों में एक अंक कम होने से लखनऊ चौथे स्थान पर है। इस मैच में जिस भी टीम को जीत मिलेगी, उनका प्लेऑफ में जाने का दावा मजबूत हो जाएगा।