Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारतीय क्रिकेट के भविष्य की एक झलक बन गया, जब महज 14 साल के ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बड़ा इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 35 रन बनाते ही वैभव ने यूथ वनडे क्रिकेट में बाबर आजम का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं, 25 रन पूरे करते ही उन्होंने बांग्लादेश के अजीजुल हकीम को भी पीछे छोड़ते हुए एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। 

बाबर आजम से आगे निकले वैभव सूर्यवंशी

इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का हर रन रिकॉर्ड बुक को बदल रहा था। जैसे ही उन्होंने 35 रन पूरे किए, वह यूथ वनडे क्रिकेट में बाबर आज़म से ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए। खबर लिखे जाने तक वैभव के नाम यूथ वनडे में 1272 रन दर्ज हो चुके थे, जबकि बाबर आजम ने अपने यूथ करियर में 36 मैचों में 1271 रन बनाए थे। बाबर के खाते में इस फॉर्मेट में तीन शतक और आठ अर्धशतक थे, और उनका सर्वोच्च स्कोर 129 रन रहा। 

सबसे कम उम्र में सबसे बड़ी उपलब्धि

वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने यह रिकॉर्ड सिर्फ 14 साल की उम्र में हासिल किया है। इतनी कम उम्र में इस तरह की निरंतरता और बड़े मंच पर प्रदर्शन करना उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव का तकनीकी संतुलन और मानसिक मजबूती उन्हें आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट का बड़ा चेहरा बना सकती है।

अजीजुल हकीम का रिकॉर्ड भी टूटा

फाइनल मुकाबले में वैभव ने एक और बड़ी छलांग लगाई। जैसे ही उन्होंने 25 रन पूरे किए, वह यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एक्टिव खिलाड़ियों की सूची में बांग्लादेश के अजीजुल हकीम से आगे निकल गए। वैभव ने खबर लिखे जाने तक 1262 रन पूरे कर लिए थे, जबकि हकीम ने 37 मैचों में 1261 रन बनाए थे। हकीम के नाम दो शतक और नौ अर्धशतक हैं, और उनका बेस्ट स्कोर 103 रन रहा है।

प्लेइंग 11 

भारत अंडर-19 : आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (डब्ल्यू), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन

इंग्लैंड अंडर-19 : बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स, बेन मेयस, थॉमस रेव (विकेटकीपर/कप्तान), कैलेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स ग्रीन