Sports

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपने लक्ष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। क्लासेन ने कहा कि अब उनका मुख्य लक्ष्य उन टीमों के साथ ट्रॉफी जीतना है, जिनके लिए वह दुनिया भर की अलग-अलग लीग में खेल रहे हैं।

क्लासेन इस समय द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं और रविवार को टीम का सामना फाइनल में 2022 की चैंपियन ट्रेंट रॉकेट्स से होगा। यह मुकाबला 2022 के फाइनल का दोबारा मुकाबला भी है। फाइनल से पहले क्लासेन ने कहा, 'ट्रॉफी जीतना एक लक्ष्य है। ट्रॉफी के मामले में यह थोड़ा लंबा सूखा रहा है, इसलिए व्यक्तिगत लक्ष्य यही है कि मैं खुद को और अपनी टीम को ट्रॉफी जीतने की स्थिति में पहुंचाऊं।' उन्होंने आगे कहा, 'अब कम क्रिकेट खेलने के साथ एक बड़ी चुनौती यह भी है कि मैं अपने क्रिकेट की गुणवत्ता को बरकरार रखूं।'

IPL 2026 में किया शानदार प्रदर्शन

क्लासेन ने IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 15 पारियों में 624 रन बनाए थे। इसके बाद द हंड्रेड में भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की, हालांकि बीच के दौर में उनका प्रदर्शन थोड़ा शांत रहा। अपने हालिया प्रदर्शन पर क्लासेन ने कहा, 'मेरा IPL अच्छा रहा, द हंड्रेड की भी अच्छी शुरुआत हुई। बीच में थोड़ा शांत दौर आया, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह थी कि कुछ रन बनाए जाएं और अपने प्रदर्शन के स्तर को सामान्य जैसा बनाए रखा जाए।'

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ने दी आजादी

क्लासेन ने जून 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में लगातार सक्रिय हैं। IPL और द हंड्रेड के अलावा वह SA20 में डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। वह ILT20 में गल्फ जायंट्स के साथ डेब्यू करने वाले हैं और पहली यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग में रॉटरडैम डॉकर्स का भी हिस्सा होंगे।

दुनिया भर की अलग-अलग लीग में खेलने और खुद को मैनेज करने को लेकर क्लासेन ने कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने से मुझे इन प्रतियोगिताओं के बीच ब्रेक लेने की आजादी मिली। इनमें से ज्यादातर प्रतियोगिताओं के बीच मुझे करीब एक महीने, डेढ़ महीने या दो महीने का समय मिल जाता है।"

उन्होंने कहा, 'इससे मुझे खुद को रीसेट करने, चीजों को समझने, जिन चीजों पर काम करने की जरूरत है उन पर ध्यान देने और अगले टूर्नामेंट के लिए शरीर को तैयार करने का पर्याप्त समय मिल जाता है।'

चहल को खेलना पसंद, अर्शदीप से बचना चाहते हैं क्लासेन

पूर्व प्रोटियाज बल्लेबाज ने एक सवाल के जवाब में यह भी बताया कि उन्हें भारत के किस गेंदबाज का सामना करना पसंद है और किस गेंदबाज से वह बचना चाहेंगे। क्लासेन ने कहा, 'मुझे युजवेंद्र चहल का सामना करना पसंद है, जबकि नई गेंद के साथ मैं खुशी-खुशी अर्शदीप सिंह से बचना चाहूंगा।'

अब क्लासेन की नजर द हंड्रेड के खिताब पर है। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए फाइनल में उनका प्रदर्शन टीम के लिए बेहद अहम होगा, जहां वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपने ट्रॉफी कैबिनेट को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे।