Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक महिला टेस्ट के दौरान इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) द्वारा ब्रेंडन मैकुलम को पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाने की घोषणा विवादों में आ गई है। इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर एलेक्स हार्टले ने इस फैसले के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे महिला क्रिकेट के इस ऐतिहासिक मुकाबले की अहमियत कम हो गई।

'ऐतिहासिक मैच से हट गया सबका ध्यान'

एलेक्स हार्टले ने कहा कि लॉर्ड्स में खेला जा रहा यह मुकाबला महिला क्रिकेट के इतिहास का बेहद खास पल है। ऐसे समय में मैकुलम की विदाई का ऐलान करना समझदारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि ECB चाहती तो इस घोषणा को टेस्ट खत्म होने तक टाल सकती थी। उनके मुताबिक इससे क्रिकेट जगत और प्रशंसकों का पूरा ध्यान महिला टेस्ट से हट गया।

ECB की मंशा पर भी उठाए सवाल

हार्टले ने बोर्ड की महिला क्रिकेट के प्रति प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर ECB वास्तव में महिला क्रिकेट का सम्मान और विकास चाहता है तो उसे केवल बयान देने के बजाय अपने फैसलों से भी यह दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'इस फैसले का कोई मतलब नहीं बनता। मंगलवार तक इंतजार किया जा सकता था। इंग्लैंड भले ही यह टेस्ट जीतने की स्थिति में नहीं है, लेकिन मैच अभी खत्म नहीं हुआ है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक मुकाबला है।'

'सिर्फ बातें नहीं, काम से दिखाइए सम्मान'

हार्टले ने माना कि मंगलवार से इंग्लैंड पुरुष टीम को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है, इसलिए ECB घोषणा जल्द करना चाहता था। लेकिन उनके मुताबिक महिला क्रिकेट के लिहाज से यह टेस्ट उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा, 'अगर आप कहते हैं कि महिला क्रिकेट का सम्मान करते हैं और उसे आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो सिर्फ बातें मत कीजिए। इस खबर को सोमवार शाम या मंगलवार सुबह तक रोका जा सकता था।'

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की मजबूत पकड़

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने दूसरी पारी 341/7 पर घोषित कर इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का विशाल लक्ष्य रखा। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड का स्कोर 130/6 था। मेजबान टीम को जीत के लिए अभी भी 327 रन चाहिए, जबकि भारत ऐतिहासिक जीत से सिर्फ चार विकेट दूर है।

मैकुलम वनडे और टी20 टीम के साथ बने रहेंगे

ब्रेंडन मैकुलम को केवल इंग्लैंड की टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाया गया है। वह फिलहाल इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे। इस बीच ECB ने नए टेस्ट कोच की तलाश भी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल द्रविड़ और एंडी फ्लावर इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।