स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज लीड्स में दोपहर 3.30 बजे (भारतीय समयनुसार) से खेला जाएगा। नया कप्तान, दृढ़ निश्चयी कोच, कुछ पुराने और कुछ नए चेहरे अगले 45 दिनों में एक दिलचस्प कहानी गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। भारत अभी तक इंग्लैंड में केवल तीन बार टेस्ट श्रृंखला जीत पाया है। उसने 1971 में अजीत वाडेकर, 1986 में कपिल देव और 2007 में राहुल द्रविड़ की अगुवाई में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब शुभमन गिल इस सूची में अपना नाम लिखवाने के लिए बेताब होंगे। लेकिन यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने के कारण भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। इससे वह अनुभव के मामले में थोड़ा कमजोर नजर आती है।
हेड टू हेड
कुल मैच - 136
भारत - 35 जीत
इंग्लैंड - 51 जीत
ड्रॉ - 50
पिच रिपोर्ट
ऐतिहासिक रूप से, हेडिंग्ले में मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। पिछले छह टेस्ट मैचों में यहां पहली पारी का औसत स्कोर सिर्फ 213 रहा है, जिससे शुरुआती विकेट जल्दी गिरने की संभावना है। पिच के खराब होने पर स्पिनरों को खेलने का मौका मिल सकता है।
मौसम
पहला दिन : मौसम आशाजनक दिख रहा है। पूर्वानुमान के अनुसार गर्म मौसम रहेगा, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा और बारिश की संभावना केवल 5% है। दिन के अधिकांश समय मौसम साफ और हल्का रहने की उम्मीद है, जो पूरे दिन के खेल के लिए आदर्श है।
दूसरा दिन : दोपहर के आसपास बारिश का अनुमान 60% है। इससे खेल के दौरान रुकावट आ सकती हैं, हालांकि सुबह का सत्र अपेक्षाकृत शुष्क रहने की उम्मीद है।
तीसरा दिन : तापमान में उल्लेखनीय गिरावट के साथ शुरुआती बारिश की उम्मीद है और आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि तीसरे दिन बारिश की संभावना केवल 4% रहेगी है। तापमान अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
चौथा दिन : आंशिक रूप से धूप खिलेगी और हवा चलेगी। सुबह बारिश की 25% संभावना है।
पांचवा और खेल का अंतिम दिन : दिन की शुरुआत में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बाद में आसमान साफ होने की उम्मीद है। हालांकि 25% के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।
टीमें
इंग्लैंड (प्लेइंग 11) : जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर
भारत (संभावित 11) : यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, नितीश रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा