Sports

बर्मिघम: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दो टेस्ट मैचों में हार के बाद टीम 0-2 से सीरीज में पिछड़ चुकी है। अब तीसरे टेस्ट से पहले कप्तान बाबर आजम की तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है। बाबर तेज बुखार से जूझ रहे हैं और फिलहाल टीम से अलग हैं।

तीसरे टेस्ट से पहले बाबर की तबीयत बिगड़ी

बाबर आजम की बीमारी ऐसे समय सामने आई है, जब पाकिस्तान टीम पहले ही मैदान और मैदान के बाहर मुश्किल दौर से गुजर रही है। लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान को 194 रन से हार मिली थी। इस मुकाबले में बाबर दोनों पारियों में मिलाकर सिर्फ 14 रन बना सके थे।

टीम मीडिया मैनेजर नावेद अकरम चीमा ने बाबर की तबीयत की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने इसे लेकर ज्यादा चिंता की बात नहीं बताई और कहा कि बाबर की बीमारी फिलहाल अस्थायी नजर आ रही है। पाकिस्तान को उम्मीद होगी कि कप्तान जल्द फिट होकर तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे।

बाबर लंबे समय से बड़ी पारी का इंतजार कर रहे

बाबर के लिए इंग्लैंड दौरा अब तक अच्छा नहीं रहा है। वह हाथ की चोट के कारण लीड्स टेस्ट में भी नहीं खेल पाए थे। इसके बाद लॉर्ड्स टेस्ट में उनका बल्ला खामोश रहा। टेस्ट क्रिकेट में बाबर ने अपना पिछला शतक दिसंबर 2022 में बनाया था।

अब उनकी फिटनेस के साथ-साथ बल्लेबाजी फॉर्म भी पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। तीसरे टेस्ट में टीम को कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद होगी, खासकर तब जब पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम लगातार संघर्ष कर रहा है।

पाकिस्तान ने टीम में किए बड़े बदलाव

लगातार दो हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बड़ा बदलाव किया है। तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों को टेस्ट स्क्वाड से बाहर कर दिया गया। इनमें इमाम-उल-हक, अवैस जफर, मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, आमिर जमाल, अली उस्मान और खुर्रम शहजाद शामिल हैं।

इनकी जगह टीम में साइम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान, रजाउल्लाह, मोहम्मद इमरान जूनियर और साद बैग जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव

पाकिस्तान टीम के बैकरूम स्टाफ में भी बड़ा बदलाव किया गया है। PCB ने मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद व्हाइट-बॉल टीम के मुख्य कोच माइक हेसन को टेस्ट टीम की जिम्मेदारी दी गई है।

उनके साथ एशले नॉफ्के भी रेड-बॉल टीम के मैनेजमेंट में शामिल हुए हैं। लगातार हार के बाद पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है।

0-2 से पिछड़ी पाकिस्तान टीम

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। हेडिंग्ले में टीम को पारी और 103 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद लॉर्ड्स में भी पाकिस्तान 194 रन से हार गया।

दोनों मैचों में पाकिस्तान की बल्लेबाजी सबसे बड़ी कमजोरी रही। टीम अब तक किसी भी पारी में 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी है। ऐसे में तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान के सामने बल्लेबाजी को मजबूत करने की बड़ी चुनौती है।

9 सितंबर से खेला जाएगा तीसरा टेस्ट

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाएगा। पाकिस्तान की नजर अब सीरीज में क्लीन स्वीप से बचने पर होगी।

टीम के लिए बाबर आजम की फिटनेस बेहद अहम है। अगर वह समय पर ठीक होकर मैदान पर लौटते हैं, तो पाकिस्तान को उनसे बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। 0-2 से पिछड़ी टीम के लिए यह मुकाबला सम्मान बचाने का आखिरी मौका होगा।

पाकिस्तान की तीसरे टेस्ट के लिए टीम

बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्लाह फजल, अब्दुल्लाह शफीक, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मुहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी, रजाउल्लाह, साद बैग, साइम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद, उबैद शाह।