Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद इंग्लैंड टीम के कुछ सदस्य लंदन के किंग्स रोड स्थित रेक्स रूम्स नाइटक्लब पहुंचे थे। यहीं कथित तौर पर एक विवाद हुआ, जिसकी जांच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) कर रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में गस एटकिंसन और रग्बी क्लब सारासेन्स के एक खिलाड़ी के बीच बहस हुई। इसी दौरान कथित तौर पर एक मुक्का ECB के सुरक्षा अधिकारी को लग गया, जिससे उन्हें चोट आई और टांके लगाने पड़े। हालांकि न तो स्टोक्स और न ही एटकिंसन को कोई शारीरिक नुकसान पहुंचा।

कप्तानी पर मंडरा रहा खतरा

यह मामला ECB के लिए बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के ऑफ-फील्ड व्यवहार को लेकर कई विवाद सामने आए थे, जिसके बाद बोर्ड ने खिलाड़ियों के लिए सख्त नियम और मिडनाइट कर्फ्यू जैसी व्यवस्थाएं लागू की थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ECB ने बेन स्टोक्स को कप्तानी छोड़कर सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर टेस्ट क्रिकेट जारी रखने का विकल्प दिया है। अगर स्टोक्स स्वयं कप्तानी नहीं छोड़ते हैं तो जांच के नतीजों के आधार पर बोर्ड उन्हें पद से हटाने पर भी विचार कर सकता है।

क्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे स्टोक्स?

सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि 35 वर्षीय स्टोक्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। स्टोक्स फिलहाल सिर्फ टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं और रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हाल के समय में उनके और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के रिश्तों में भी दूरी आई है।

सूत्रों के मुताबिक, स्टोक्स 2021 की तरह क्रिकेट से अस्थायी ब्रेक लेने के विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।

दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं स्टोक्स और एटकिंसन

जांच पूरी होने तक बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नहीं खेलने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार ECB जांच पूरी होने तक दोनों खिलाड़ियों को निलंबित भी कर सकता है।

यदि ऐसा होता है तो न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को बड़ा झटका लगेगा, क्योंकि स्टोक्स टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं।

इंग्लैंड क्रिकेट के लिए बड़ा सवाल

बेन स्टोक्स पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के पुनरुत्थान का चेहरा रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने आक्रामक 'बैजबॉल' शैली अपनाई और कई यादगार जीत दर्ज कीं। ऐसे में अगर स्टोक्स कप्तानी छोड़ते हैं या संन्यास लेते हैं, तो इंग्लैंड क्रिकेट के लिए यह एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो सकती है।