मेलबर्न: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब दुनिया भर की टी20 फ्रेंचाइजी उन पर नजरें टिकाए हुए हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोक्स बिग बैश लीग (BBL) के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन सकते हैं। उन्हें करीब 6 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (600,000 AUD) का कॉन्ट्रैक्ट मिलने की संभावना है, जो BBL के इतिहास का सबसे बड़ा सौदा होगा।
सिडनी सिक्सर्स सबसे आगे, हरिकेन्स भी रेस में
Code Sports की रिपोर्ट के अनुसार, सिडनी सिक्सर्स बेन स्टोक्स को अपनी टीम में शामिल करने की दौड़ में सबसे आगे है। वहीं मौजूदा चैंपियन होबार्ट हरिकेन्स भी इस स्टार ऑलराउंडर को साइन करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। अगर यह डील पूरी होती है, तो स्टोक्स BBL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन जाएंगे।
मैथ्यू मॉट दिला सकते हैं सिक्सर्स को बढ़त
सिडनी सिक्सर्स को एक बड़ा फायदा यह है कि टीम ने हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व व्हाइट-बॉल कोच मैथ्यू मॉट को अपने साथ जोड़ा है।मॉट की कोचिंग में ही जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में जीता था। स्टोक्स और मॉट के बीच पुराने रिश्ते सिक्सर्स के पक्ष में जा सकते हैं।
10 साल बाद BBL में वापसी की तैयारी
अगर स्टोक्स BBL से जुड़ते हैं तो यह उनकी 10 साल से अधिक समय बाद इस लीग में वापसी होगी। उन्होंने 2014-15 सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेला था। उस दौरान उन्होंने 156.09 की स्ट्राइक रेट से 128 रन बनाए थे। कप्तान एरॉन फिंच की अगुवाई में उन्होंने होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेली थी।
संन्यास के बाद भी शानदार फॉर्म में स्टोक्स
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने के बाद स्टोक्स इस समय डरहम के लिए इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में खेल रहे हैं। अब तक चार पारियों में उन्होंने 96.50 की औसत से 193 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वह टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। हालांकि गेंदबाजी में उन्हें अब तक सिर्फ दो विकेट मिले हैं।
BBL, ILT20 या SA20... किस लीग को चुनेंगे स्टोक्स?
स्टोक्स ने द हंड्रेड के लिए अपना नाम नहीं दिया था, इसलिए वह इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। वह कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के ड्राफ्ट का भी हिस्सा नहीं थे।इसके अलावा उन्होंने IPL मेगा ऑक्शन में नाम नहीं दिया था, इसलिए वह आगामी IPL मिनी ऑक्शन के लिए भी पात्र नहीं हैं।
फिलहाल उनके पास BBL, ILT20 और SA20 में खेलने का विकल्प है। हालांकि इन लीगों के शेड्यूल आपस में टकरा सकते हैं, इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि स्टोक्स आखिर किस लीग को चुनते हैं। स्टोक्स अब 7 अगस्त को मिडिलसेक्स के खिलाफ डरहम के लिए मैदान पर उतरेंगे।