Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश से प्रभावित दूसरे मैच से DLS के तहत जीत हासिल कर ऐतिहासिक वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है। इस दौरान बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने सिर में चोट (कनकशन) और मैदान पर उल्टी होने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और अब उन्हें 24 घंटे अस्पताल में रहना होगा। 

रन चेज के दौरान मिराज के हेलमेट पर नाथन एलिस का एक बाउंसर लगा। कप्तान ने मैदान पर उल्टी की और स्ट्रेचर मंगाया गया। बांग्लादेश के फिजियो के अलावा, ऑस्ट्रेलियाई टीम के डॉक्टर भी मैदान पर पहुंचे। कुछ देर बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और अगले ओवर में राइली मेरेडिथ की गेंद पर छक्का लगाकर रन चेज पूरा किया। जीत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में बांग्लादेश के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने बताया कि वह 24 घंटे अस्पताल में रहेंगे। 

मैच के बाद कोच ने दिया अपडेट

मैच के बाद बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा, 'आज मैच के दौरान मेहदी हसन मिराज को कनकशन (सिर में चोट) हुआ था। मैदान पर जांच के बाद उन्होंने खेलना जारी रखा। हमने उन्हें बाकी लक्षणों की जांच और सामान्य निगरानी के लिए अस्पताल भेजा है। वह अगले 24 घंटे वहां रहेंगे।' एक रिपोर्ट के अनुसार यह ऑलराउंडर खतरे से बाहर है, लेकिन 12 जून को भी उनकी निगरानी की जाएगी।

तास्किन ने मिराज की तारीफ की

मैच के बाद मिराज की जगह नजमुल हुसैन शांतो आए। तीन विकेट लेने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज तास्किन अहमद ने कनकशन के बावजूद बल्लेबाजी करने के कप्तान के फैसले की तारीफ की, क्योंकि वह बल्लेबाजी क्रम के ढहने का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे। तास्किन ने कहा, 'उस हालत में मिराज का बल्लेबाजी करना अद्भुत था। मुझे लगता है कि उन्होंने तुरंत फैसला किया कि अगर वह चले जाते हैं, तो नया बल्लेबाज उस दबाव वाली स्थिति में गलती कर सकता है।'

मेहदी सफल रन चेज में 22 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें बांग्लादेश ने 35 ओवरों में 188 रन का संशोधित DLS लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले उन्होंने छह ओवर गेंदबाजी भी की थी।

आखिरी वनडे में मिराज के खेलने पर संदेह 

बांग्लादेश ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 14 जून को खेला जाएगा। 'कनकशन प्रोटोकॉल' के कारण वह एक हफ़्ते तक खेल से दूर रहेंगे। उनकी गैर-मौजूदगी में शांतो बांग्लादेश की कप्तानी कर सकते हैं और उनका मुकाबला जोश इंग्लिश की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया टीम से होगा, जो अभी खराब फॉर्म में है। हालांकि वह 17 जून को होने वाले T20I सीरीज के पहले मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।