Sports

खेल डैस्क : टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की एंट्री कंफर्म हो गई है। सेंट लुसिया के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर 8 के तहत खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को 24 रन से विजयी मिली। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस हार ने मुसीबत खड़ी कर दी है। अगर अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया तो वह ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ऑस्ट्रेलिया की सुपर 8 में यह दूसरी हार है। इससे पहले अफगानिस्तान ने भी ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया था। बहरहाल, मैच में रोहित शर्मा ने 41 गेंदों पर 92, सूर्यकुमार यादव ने 31, शिवम दुबे ने 28 और हार्दिक पांड्या ने 27 रन बनाकर स्कोर 205 तक पहुंचाया था। जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम की ओर से ट्रेविस हेड ने 76 तो मिचेल मार्श ने 37 रन जरूर बनाए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट खोकर 181 रन ही बनाए और 24 रन से मुकाबला गंवा दिया।

 

अब आगे क्या
अब टीम इंडिया 27 जून को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। उक्त मुकाबले के दौरान बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। अगर यह मुकाबला बारिश के कारण नहीं हुआ तो भारतीय टीम अपने ग्रुप में पहले स्थान पर होने के कारण अपने आप फाइनल में प्रवेश कर जाएगी। 

 

भारत : 205/5 (20 ओवर)


विराट कोहली दूसरी बार 0 पर आऊट : टीम इंडिया के लिए ओपनिंग पर आए विराट कोहली फिर असफल हो गए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले में विराट 0 रन पर हेलजवुड की गेंद पर टिम डेविड के हाथों लपके गए। उन्होंने पांच गेंदें भी खेलीं। कोहली का विश्व कप में ओपनिंग खल नहीं रह है। वह आयरलैंड के खिलाफ 1, पाकिस्तान के खिलाफ 4, यूएसए के खिलाफ 0, अफगानिस्तान के खिलाफ 24 तो बांग्लादेश के खिलाफ ओपनिंग करते हुए 37 रन ही बना पाए हैं। यह इस विश्व कप में कोहली का दूसरा डक भी है।


रोहित ने स्टार्क की ओवर से खींचे 29 रन : कोहली जब पवेलियन लौट चुके थे तो कप्तान रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को आड़े हाथों ले लिया। उन्होंने स्टार्क की पहली 2 गेंदों पर लगातार छक्के लगाए। तीसरी गेंद पर चौका तो चौथी गेंद पर छक्का जड़़ दिया। यह देखकर कमेंट्री कर रही रिकी पोंटिंग भी उत्साहित दिखे। रोहित ने इसके बाद आखिरी गेंदों पर भी छक्का लगाकर स्टार्क की ओवर से 29 रन खींच लिए। 

 

19 गेंदों पर लगाया अर्धशतक, 92 रन बनाए : भारतीय टीम जब 5वां ओवर खेल रही थी तो पहली ही गेंद पर रोहित ने पैट कमिंस को छक्का जड़ दिया। इसके बाद बारिश आ गई और मैच रोक देना पड़ा। 10 मिनट मैच शुरू हुआ तो रोहित का बल्ला रुका नहीं। उन्होंने पैट कमिंस के ओवर में 9 रन और खींचे और 19 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रोहित ने ताबड़तोड़ शॉट जारी रखे। वह 12वें ओवर में मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हुए। लेकिन तब तक वह 41 गेंदों पर 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 92 रन बना चुके थे। इस दौरान ऋषभ पंत (15) ने भी अपना विकेट गंवाया।

 

सूर्यकुमार-शिवम ने दी मजबूती : रोहित के आऊट होने पर सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने पारी को संभाल लिया। दोनों ने ताबड़तोड़ शॉट लगाए। सूर्यकुमार अपने मनपसंद शॉट लगाते दिखे। उनका विकेट 15वें ओवर में गिरा। तब तक सूर्यकुमार 16 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बना चुके थे। जबकि दूसरे छोर से शिवम दुबे ने शॉट लगाने जारी रखे। 19वें ओवर में शिवम दुबे का विकेट गिरा। उन्होंने 22 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए।

 

हार्दिक के बल्ले से रन निकले : विश्व कप में भारत के लिए मध्यक्रम में एक बार फिर से हार्दिक पांड्या का बल्ला चला। उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। हार्दिक ने 17 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए जबकि रविंद्र जडेजा  ने 5 गेंदों पर 9 रन का योगदान दिया और स्कोर 5 विकेट पर 205 रन तक पहुंचा दिया। 
 

 

यह भी पढ़ें :- IND vs AFG : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा छक्के, टी20 में भी 200 पूरे

 

 

यह भी पढ़ें :-  टी20 विश्वकप में भारतीय लीडिंग विकेटटेकर बने Arshdeep Singh, 17 साल पुराना रिकार्ड टूटा

 

 

यह भी पढ़ें :-  IND vs AUS : ओपनिंग पर फेल विराट कोहली, विश्व कप में दूसरी बार 0 पर आऊट

 

 

ऑस्ट्रेलिया : 205-5 (20 ओवर)

 

पावरप्ले में मजबूत शुरूआत : भले ही लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को पहले ही ओवर में डेविड वार्नर के रूप में झटका लग गया लेकिन इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने ताबड़तोड़ शॉट लगाए। दोनों ने हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और बुमराह को आड़े हाथों लिया और पावरप्ले में स्कोर 65-1 पहुंचा दिया।


कुलदीप ने निकाला मार्श का विकेट : ट्रेविस हेड के साथ मिचेल मार्श ने शॉट लगाने जारी रखे। इस दौरान हार्दिक पांड्या की पिटाई हुई। रोहित कुलदीप को लेकर आए जिन्होंने पहले ओवर में 4 रन दिए। लेकिन दूसरे ओवर में आते ही कुलदीप ने मार्श का विकेट निकाल लिया। मार्श ने कुलदीप को छक्का मारने की कोशिश की थी लेकिन बाऊंड्री रोप पर अक्षर पटेल ने उनका शानदार कैच पकड़ लिया। मार्श ने 28 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए।

 

मैक्सवेल 20 रन बनाकर आऊट : मैक्सवेल जब क्रीज पर आए तो रोहित ने रविंद्र जडेजा को गेंद थमा दी। जडेजा का मैक्सवेल के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा रहता है। लेकिन इस बार मैक्सवेल एक कदम आगे रहे। उन्होंने जडेजा के पहले ही ओवर में 17 रन  खींच लिए। वह लय में दिख रहे थे तभी कुलदीप ने उन्हें बोल्ड कर दिया। मैक्सवेल ने 12 गेंदों पर 20 रन बनाए। लेकिन एक छोर पर खड़े ट्रेविस हेड मजबूती से पारी को आगे बढ़ाते दिखे।

 

बुमराह ने दिलाया ट्रेविस का विकेट : मैक्सवेल के आऊट होने के बाद मार्कस स्टोइनिस का विकेट गिरा। वह सिर्फ 2 ही रन बना पाए। उन्हें अक्षर पटेल ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। लेकिन असली खेल 17वें ओवर में हुआ जब बुमराह गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने खतरनाक नजर आ रहे ट्रेविस हेड को रोहित के हाथों कैच आऊट कराया। ट्रेविस ने 43 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए।

 

अर्शदीप ने बदल दी गेम : ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 18 गेंदों पर 51 रन की जरूरत थी। ऐसे में रोहित ने गेंद अर्शदीप को थमा दी। अर्शदीप ने पहली ही गेंद पर मैथ्यू वेड को कुलदीप के हाथों कैच आऊट करा दिया। वेड ने सिर्फ एक रन बनाया। इसके बाद टिम डेविड ने एक छक्का और एक चौका लगाया लेकिन पांचवीं गेंद पर वो भी अर्शदीप की गेंद पर बुमराह के हाथों लपके गए। 

 

आखिरी ओवर में चाहिए थे 29 रन : आखिरी दो ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 39 रन चाहिए थे। लेकिन बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे बुमराह ने 19वें ओवर में केवल 10 रन ही दिए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 29 रन बनाने थे। क्रीज पर पैट कमिंस के साथ मिचेल स्टार्क थे। ऐसे में भारतकी ओर से हार्दिक को गेंद थमा दी गई। हार्दिक ने 4 रन ही दिए और टीम को 24 रन से जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया : ट्रैविस हेड, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।