खेल डैस्क : ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने गॉल के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी और 242 रन की बड़ी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नाथन ने मैच में सात विकेट लीं और भारतीय पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। नाथन लियोन अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में 7वें स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने अश्विन (537) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। अश्विन ने बीते महीने ही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के मैदान संन्यास की घोषणा कर दी थी। तब वह विकेट चटकाने के मामले में लियोन से आगे थे। लेकिन लियोन ने लगभग एक महीने के अंदर ही यह रिकॉर्ड अब अपने नाम कर लिया है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
800 : मुथैय्या मुरलीधरन, श्रीलंका
708 : शेन वार्न, ऑस्ट्रेलिया
704 : जेम्स एंडरसन, इंग्लैंड
619 : अनिल कुंबले, भारत
604 : स्टुअर्ट ब्रॉड, इंग्लैंड
563 : ग्लेन मैकग्रा, ऑस्ट्रेलिया
546 : नाथन लियोन, ऑस्ट्रेलिया
537 : रविचंद्रन अश्विन, भारत
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए पहली पारी में उसमान ख्वाजा के दोहरे शतक की बदौलत 654 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 165 और 247 रन पर ऑलआऊट हो गई। श्रीलंका की यह घरेलू मैदानों पर सबसे बड़ी हार है। श्रीलंका को झुकाने में ख्वाजा के अलावा नाथन लियोन का अहम योगदान रहा। लियोन ने मैच में 7 विकेट लीं। वह एशियाई पिचों पर शानदार रहे हैं। उन्होंने यहां 7 टेस्ट में अब तक 15 की औसत से 57 विकेट ली हैं। उनके सर्वश्रेष्ठ आंकड़े 8/64 रहे हैं। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ी जीत भारत के नाम पर थी। भारत ने साल 2017 में श्रीलंका को पारी और 239 रनों से हराया था।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलिया : उस्मान ख्वाजा, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), जोश इंगलिस, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, मैथ्यू कुह्नमैन, नाथन लियोन, टॉड मर्फी
श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने, ओशादा फर्नांडो, दिनेश चांडीमल, एंजेलो मैथ्यूज, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), प्रभात जयसूर्या, निशान पेइरिस, जेफरी वेंडरसे, असिथा फर्नांडो