Sports

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है। खेलों के शुरू होने से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की सुविधाओं को लेकर सवाल उठे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि करीब 17 हजार खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए पर्याप्त कमरों की व्यवस्था को लेकर आयोजकों के सामने चुनौती है।

इन रिपोर्ट्स के सामने आने के बाद ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इन्हें खारिज किया है। OCA ने कहा कि सभी पंजीकृत खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए उचित आवास की व्यवस्था की जा चुकी है।

OCA ने जारी किया आधिकारिक बयान

OCA और Aichi-Nagoya Asian Games Organising Committee (AINAGOC) ने अपने संयुक्त बयान में कहा, 'एशियन गेम्स के आधिकारिक प्रतिभागियों के लिए आवास की व्यवस्था को लेकर आई गलत मीडिया रिपोर्ट्स के संबंध में OCA और AINAGOC यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि जुलाई में एंट्री बाय नेम की समय सीमा समाप्त होने से पहले पंजीकृत किए गए सभी 17,000 से अधिक खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए खेलों के अनुरूप आवास उपलब्ध कराया गया है।'

काउंसिल ने यह भी स्पष्ट किया कि असाधारण परिस्थितियों को छोड़कर अब किसी नए प्रतिभागी का पंजीकरण नहीं किया जाएगा। OCA के मुताबिक, खेलों की तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही हैं।

'तैयारियां सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं'

OCA ने अपने बयान में आगे कहा, 'असाधारण परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी अतिरिक्त पंजीकरण की अनुमति नहीं दी गई है और न ही दी जाएगी। अंतिम तैयारियां सही दिशा में हैं और सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं। यह एशियन गेम्स की पीढ़ियों में सबसे शानदार प्रतियोगिताओं में से एक होने जा रहा है।'

आयोजकों ने भरोसा जताया कि प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर की गई व्यवस्थाओं के चलते आवास से जुड़ी सभी जरूरतों को बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सकेगा।

15 हजार से बढ़कर 17 हजार हुई प्रतिभागियों की संख्या

शुरुआत में आइची-नागोया एशियन गेम्स में करीब 15 हजार खिलाड़ियों और अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद थी। हालांकि, प्रतियोगिता में टेकबॉल और पैडल को शामिल किए जाने के बाद यह संख्या बढ़कर 17 हजार से ज्यादा हो गई है। इसमें करीब 11 हजार खिलाड़ी और 6 हजार अधिकारी शामिल हैं। आयोजकों ने कहा है कि बढ़ी हुई संख्या को ध्यान में रखते हुए ही व्यवस्थाएं की गई हैं।

BCCI ने भी सुविधाओं को लेकर जताई थी चिंता

इस पूरे विवाद के बीच पहले ANI की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि BCCI और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) जापान में क्रिकेटरों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्थिति का जायजा लेने के लिए BCCI की ओर से एक ऑब्जर्वर को जापान भेजा जा सकता है। यह भी दावा किया गया था कि अगर वहां की सुविधाएं उम्मीद के मुताबिक नहीं मिलीं, तो BCCI प्रतियोगिता में भारत की 'B' टीम भेजने पर विचार कर सकता है।

BCCI सूत्र ने 'B' टीम की खबर को किया खारिज

हालांकि, NDTV से बात करने वाले BCCI के एक सूत्र ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में सुविधाओं से जुड़ी चिंताएं सही हैं, लेकिन भारत एशियन गेम्स में 'B' टीम नहीं भेजेगा। सूत्र के मुताबिक, 'रिपोर्ट में जिन मुद्दों का जिक्र किया गया है, वे सही हैं, लेकिन भारत एशियन गेम्स के लिए 'B' टीम नहीं भेजेगा।' इस तरह एशियन गेम्स से पहले खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर उठे सवालों के बीच आयोजकों ने आवास व्यवस्था को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है।

NO Such Result Found