स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार, 11 जुलाई को साउथम्प्टन के एजियस बाउल में खेला जाएगा। टीम इंडिया पहले ही सीरीज गंवा चुकी है, ऐसे में आखिरी मुकाबले में सम्मान बचाने के इरादे से उतरेगी। इस बीच सबसे बड़ी चर्चा संजू सैमसन की वापसी को लेकर है। माना जा रहा है कि उन्हें बिना वैभव सूर्यवंशी को बाहर किए प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
क्या तिलक वर्मा की जगह खेलेंगे संजू सैमसन?
पहले टी20 में खेलने वाले संजू सैमसन को दूसरे मुकाबले से बाहर कर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था। इसके बाद वैभव लगातार तीन मैच खेल चुके हैं, जबकि संजू बेंच पर बैठे रहे। अब आखिरी टी20 में संजू की वापसी की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें युवा ओपनर वैभव की जगह नहीं बल्कि उपकप्तान तिलक वर्मा की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
तिलक वर्मा का हालिया प्रदर्शन रहा निराशाजनक
मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले तिलक वर्मा हाल के मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 18 पारियों में 376 रन, औसत: 29, स्ट्राइक रेट: 144; इन आंकड़ों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट आखिरी मुकाबले में बदलाव कर संजू सैमसन को मौका दे सकता है।
संजू सैमसन के साथ आखिर क्यों हो रहा है ऐसा?
संजू सैमसन ने हाल ही में भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बावजूद उन्हें लगातार मौके नहीं मिले। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन जरूर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन केवल तीन पारियों के आधार पर उन्हें बाहर करना कई पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों के लिए सवाल खड़े करता है। दिलचस्प बात यह भी है कि संजू को आगामी जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है।
एशियन गेम्स में हैं शामिल, लेकिन यह मैच हो सकता है अहम
हालांकि संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रखा गया है, लेकिन वह एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में यदि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में मौका मिलता है तो यह उनके लिए टीम में अपनी जगह मजबूत करने का सुनहरा अवसर होगा।
भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।