अहमदाबाद : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर रखने के फैसले की काफी आलोचना हो रही है लेकिन भारतीय टीम के सहायक कोच रियान टेन डोइशे और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से रणनीतिक कारणों से लिया गया। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया और वॉशिंगटन सुंदर बल्ले तथा गेंद दोनों से फ्लॉप रहे जिन्हें अक्षर की जगह उतारा गया था।
टेन डोइशे ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'हमने पिछले कुछ दिन में अंतिम एकादश पर काफी मंथन किया। हम मैच अप पर विचार कर रहे थे। वैसे अक्षर को उतारने का फैसला सही लग रहा था लेकिन हमें आठवें बल्लेबाज के रूप में अक्षर की जरूरत थी। यह फैसला उसी आधार पर लिया गया।' उन्होंने कहा, 'अक्षर की नेतृत्व क्षमता और अहमियत हम सभी जानते हैं। इस फैसले का मतलब उसे कमतर आंकना बिल्कुल नहीं है।'
बल्लेबाजी कोच कोटक ने कहा कि अक्षर को मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस फैसले के बारे में अच्छी तरह समझाया था। उन्होंने आईसीसी मिश्रित जोन में कहा, 'सूर्या और गौतम दोनों ने इस फैसले के बारे में अक्षर से बात की थी। वॉशिंगटन को खिलाने का यही कारण था कि उनके शीर्ष पांच में तीन खब्बू बल्लेबाज थे और हमें लगा कि एक आफ स्पिनर को खेलना चाहिए। क्विंटॉन डिकॉक और रियान रिकेलटन को बुमराह ने आउट कर दिया तो सुंदर को दो ओवर से ज्यादा गेंदबाजी नहीं करनी पड़ी।'