स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम में पूर्व कप्तान बाबर आज़म को जगह नहीं दी गई है। इस फैसले के बाद काफी आलोचना हो रही है। हालांकि पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन ने इस फैसले पर सफाई देते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी को ड्रॉप नहीं किया गया है, बल्कि टीम नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहती है।
माइक हेसन ने क्या कहा
माइक हेसन ने ढाका में पहले वनडे से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह फैसला सिर्फ नए खिलाड़ियों को मौका देने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा, 'मैं नहीं कहूंगा कि किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर किया गया है। हम इस सीरीज को युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का मौका देने के तौर पर देख रहे हैं।'
2025 में बाबर आज़म का ODI प्रदर्शन
अगर बाबर आज़म के हालिया वनडे रिकॉर्ड की बात करें तो उनका प्रदर्शन पूरी तरह खराब भी नहीं रहा है। 2025 में बाबर ने 17 पारियों में 544 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 34 और स्ट्राइक रेट 77.16 रहा। पिछले साल उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक भी लगाए थे। पाकिस्तान के लिए इस अवधि में सलमान आगा (667 रन) और मोहम्मद रिजवान (569 रन) ही उनसे ज्यादा रन बना पाए।
बांग्लादेश के खिलाफ बाबर का रिकॉर्ड
बाबर आज़म ने अब तक बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ चार वनडे मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 123 रन बनाए हैं। उनकी सबसे बड़ी पारी 96 रन की रही थी, जो उन्होंने 2019 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान खेली थी।
युवा खिलाड़ियों को मिला मौका
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में छह नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। इन खिलाड़ियों में अब्दुल समद, माज सादाकत, मुहम्मद गाजी घोरी, साद मसूद, साहिबजादा फरहान और शमील हुसैन शामिल हैं। सादाकत, गाजी घोरी, मसूद और हुसैन अभी तक किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं कर पाए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन का मिला इनाम
साहिबजादा फरहान को हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। उन्होंने टूर्नामेंट में 383 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें वनडे टीम में मौका दिया गया। हेसन ने कहा कि फरहान ने अपने प्रदर्शन से खुद को टीम में शामिल करने के लिए मजबूर कर दिया।
बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की वनडे टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सादाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा, शमील हुसैन.