Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : रविवार को होने वाले ट्राई-नेशन ए सीरीज के फाइनल में जब इंडिया ए का मुकाबला श्रीलंका ए से होगा, तो सबकी नजरें एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। लेकिन इस बार बात सिर्फ उनकी बल्लेबाजी की नहीं है। पिछली बार जब दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो मामला बिगड़ गया था और खिलाड़ियों के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद यह खबर भी सामने आई की वैभव को निशाना बनाया जा रहा है। अब श्रीलंका ए के कप्तान सहन अराचिगे ने फाइनल से पहले इस पर जवाब दिया है।

रविवार के फाइनल से पहले अराचिगे ने उन आरोपों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि उनकी टीम ने जानबूझकर युवा भारतीय बल्लेबाज को निशाना बनाया। अराचिगे ने 'स्पोर्टस्टार' से कहा, 'लड़के किसी को या किसी चीज को निशाना नहीं बना रहे हैं। वे बस खेल का मजा ले रहे हैं। सुपर ओवर जैसे करीबी मैच में भावनाएं बाहर आ ही जाती हैं। यह सामान्य बात है।' उन्होंने आगे कहा, 'इस टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं। वे जानते हैं कि क्या करना है और कैसे खेलना है।'

अराचिगे की यह टिप्पणी उन खबरों के बाद आई है जिनमें दावा किया गया था कि टूर्नामेंट के दौरान सूर्यवंशी को लगातार स्लेजिंग का सामना करना पड़ा। एक रिपोर्ट में तो यह भी कहा गया कि ग्रुप-स्टेज के मैच के दौरान श्रीलंका के एक खिलाड़ी ने उनसे कहा था, 'घर जाओ, यह IPL नहीं है।'