मुंबई : रोहित शर्मा की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। BCCI ने संकेत दिया है कि पूर्व कप्तान की जगह पर कोई तुरंत खतरा नहीं है, जबकि 2027 वर्ल्ड कप के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं।
गुरुवार को BCCI हेडक्वाटर्र में भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, 'आपने देखा होगा कि वह शानदार खेल रहे हैं।' इस बैठक में भारत के दोनों कप्तान - शुभमन गिल (टेस्ट और वनडे) और श्रेयस अय्यर (टी 20) - शामिल हुए। हेड कोच गौतम गंभीर और CoE प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण भी मौजूद थे।
चयनकर्ताओं के चेयरमैन अजीत अगरकर बैठक में नहीं थे। वह मुंबई से बाहर थे और शायद ऐसी जगह पर थे जहां इंटरनेट नहीं था। BCCI सचिव ने वीवीएस लक्ष्मण को क्रिकेट निदेशक जैसी नई भूमिका के लिए विचार किए जाने की बात को भी खारिज कर दिया। उन्होंने अगरकर के नेतृत्व वाली चयन समिति में तत्काल किसी भी बदलाव से इनकार किया, हालांकि बैठक से उनकी अनुपस्थिति से अटकलें जारी रहेंगी।