स्पोर्ट्स डेस्क: भारत ए ने दांबुला में खेले गए ट्राई-नेशन ए सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए को 66 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ए ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
वैभव ने 11 गेंदों में ठोकी रिकॉर्ड फिफ्टी
सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोला। उन्होंने 29 गेंदों में 94 रन की पारी के दौरान 10 चौके और 8 छक्के जड़े। वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कप्तान तिलक वर्मा ने 90 गेंदों पर 67 रन और अंकुल रॉय ने 15 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को 377 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
यश ठाकुर और विपराज निगम की घातक गेंदबाजी
378 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। यश ठाकुर और स्पिनर विपराज निगम ने तीन-तीन विकेट झटके। श्रीलंका की ओर से वनुजा साहन ने 62 और सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन बनाए, लेकिन उनकी पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
भारत ए ने शानदार अंदाज में जीता खिताब
भारत ए ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल में भी हर विभाग में श्रीलंका ए पर दबदबा बनाए रखा। वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने 66 रन से जीत दर्ज करते हुए ट्राई-नेशन ए सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत ए: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, विपराज निगम, अशोक शर्मा, यश ठाकुर।
श्रीलंका ए: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिडु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराच्चिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, वानुजा सहान, मोहम्मद शिराज, विजयकांत वियासकांत, दुलाज समुधिता, कुगाथास माथुलन।