स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने एकतरफा मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को रिकॉर्ड 110 रनों से हरा दिया। दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हैं। लेकिन दोनों ने मैच को रोमांचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इससे पहले हैदराबाद ने हेनरिक क्लासेन के 105 तो ट्रेविस हेड के 76 रनों की बदौलत तीन विकेट खोकर 278 रन बनाए थे। क्लासेन ने आईपीएल का तीसरा सबसे तेज शतक भी जड़ा। हैदराबाद ऐसी पहली टीम बन गई है जिन्होंने पांच बार एक पारी में 250 से ज्यादा रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम शुरू से ही दबाव में दिखी। सुनील नरेन ने 31 रन बनाए। लेकिन केकेआर का मध्यक्रम फ्लॉप हो गया। अंत के ओवरों में मनीष पांडे और हर्षित राणा ने कुछ हिट लगाए लेकिन तब तक मैच कोलकाता के हाथ से निकल चुका था। हैदराबाद की सीजन में छठी जीत रही और उन्होंने अंक तालिका में छठे स्थान पर सफर खत्म किया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स : 168 (18.4 ओवर)
कोलकाता की शुरूआत अच्छी रही क्योंकि सुनील नरेन ने आते ही बड़े शॉट लगाए। वह चौथे ओवर में आऊट हो गए। उन्होंने 16 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे ने भी 8 गेंदों पर 15 रन बनाए। रघुवंशी ने 18 गेंदों पर 14 रन बनाए। रिंकू सिंह 6 गेंदों पर 9 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार हो गए। दुबे यही नहीं रुके। अगली ही गेंद पर उन्होंने आंद्रे रसेल को भी शून्य पर पवेलियन की राह दिखा दी। रमनदीप सिंह ने 5 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 13 रनों का योगदान दिया। स्कोर जब 110 रन पर 7 विकेट था तो मनीष पांडे के साथ मिलकर हर्षित राणा ने 16 ओवर में स्कोर 151 तक पहुंचा दिया। आखिर 18वें ओवर में मनीष पांडे उनादकट का शिकार हो गए। उन्होंने 23 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। वैभव अरोड़ा 0 पर रन आऊट हो गए। हर्षित ने 21 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। कोलकाता को 110 रन से हार झेलनी पड़ी।
यह भी पढ़ें:- अभिषेक को पछाड़ गए हेनरिक क्लासेन, साबित किया क्यों हुए थे 23 करोड़ में रिटेन!
यह भी पढ़ें:- सनराइजर्स हैदराबाद ने 5वीं बार 250+ स्कोर बनाया, टीम इंडिया का रिकॉर्ड टूटा
यह भी पढ़ें:- रिटायरमेंट पर फिर बोले महेंद्र सिंह धोनी- 4-5 महीने हैं, कोई जल्दी नहीं है
सनराइजर्स हैदराबाद : 278/3 (20 ओवर)
हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तेजतर्रार शुरूआत की। अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। उनकी जब विकेट गिरी तब तक हैदराबाद 65 ओवर में 92 रन बना चुकी थी। इसके बाद ट्रेविस हेड ने नए बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर ताबड़तोड़ शॉट लगाए। हेड ने अर्धशतक लगाया तो पीछे पीछे क्लासेन ने भी 17 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने पहली 12 ओवर में ही हैदराबाद का स्कोर 174 रनों पर ला खड़ा किया। ट्रेविस हेड 40 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आऊट हो गए। तब क्लासेन ने एक छोर संभाला और 37 गेंदों पर शतक ठोक दिया। यह आईपीएल में उनका संयुक्त तौर पर तीसरा सबसे तेज शतक रहा। ईशान किशन ने भी दम दिखाया और 20 गेंदों पर 29 रन बनाए। अनिकेत वर्मा ने 6 गेंदों पर 12 रन बनाए और स्कोर 278 रन पर ला खड़ा किया।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, इशान मलिंगा
कोलकाता नाइट राइडर्स : क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, एनरिक नॉर्टजे, वरुण चक्रवर्ती