Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः भारतीय क्रिकेट के गलियारों से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है, जो करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को चौंका सकती है। टी-20 फॉर्मेट में भारतीय टीम का नेतृत्व अब 'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव के हाथों में नहीं रहेगा। सूत्रों के अनुसार, श्रेयस अय्यर भारत के अगले टी-20 कप्तान बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और वे सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे। हालांकि एपेक्स काउंसिल की ऑनलाइन मीटिंग में इस पर आधिकारिक चर्चा नहीं हुई है, लेकिन शीर्ष पदाधिकारियों को अय्यर को कप्तान नियुक्त करने की इच्छा के बारे में सूचित कर दिया गया है।

तिलक वर्मा बनेंगे टीम के नए 'डिप्टी'
कप्तान के साथ-साथ टीम के उपकप्तान को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। श्रेयस अय्यर के साथ तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाए जाने की बात चल रही है। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी तिलक को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए तैयार हैं और यह फैसला सिलेक्टर्स व कोच की सर्वसम्मति से लिया गया है। संभवतः 6 जून को कप्तान के चयन के लिए होने वाली बैठक में अय्यर से परामर्श भी लिया जाएगा।

क्या सूर्या का पत्ता पूरी तरह कट गया?
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि क्या टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्या को केवल कप्तानी से हटाया गया है या वे टीम से भी बाहर होंगे? आधिकारिक तौर पर तो कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन संकेतों से साफ है कि सूर्या की टीम से भी छुट्टी हो सकती है। एशियन गेम्स के लिए जारी हुई संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट में सूर्या का नाम शामिल नहीं था, जिससे यह अंदेशा गहरा गया है।

15 साल का 'तूफान' मचाएगा धमाल
इस नई टीम में केवल कप्तानी ही नहीं बदली जा रही, बल्कि एक युवा सितारे की एंट्री भी होने वाली है। आयरलैंड दौरे के लिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिलने की उम्मीद है। वैभव ने IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया था, जहाँ उन्होंने 16 पारियों में 776 रन कूटे थे, जिसमें एक शानदार शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे।

6 जून को हटेगा सस्पेंस से पर्दा
आयरलैंड दौरे पर होने वाली टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 6 जून को किया जाएगा। इसी दिन आधिकारिक तौर पर श्रेयस अय्यर के नाम पर मुहर लग जाएगी। अब देखना यह होगा कि अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया जीत के किस नए शिखर को छूती है।