स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड आखिरी ओवर तक संघर्ष करता नजर आया, लेकिन अनुभवी ऑलराउंडर सैम करन ने अपने अनुभव के दम पर टीम को शर्मनाक हार से बचा लिया। अंतिम ओवर में 10 रन बचाते हुए करन ने इंग्लैंड को रोमांचक जीत दिलाई।
आखिरी ओवर में नेपाल को चाहिए थे 10 रन
मैच के अंतिम ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे और स्ट्राइक पर आक्रामक बल्लेबाज लोकेश बाम मौजूद थे। नेपाल टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला बड़ा उलटफेर करने के बेहद करीब था, लेकिन करन ने दबाव में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 5 रन दिए।
2016 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की यादें लौटीं
मैच के बाद सैम करन ने खुलासा किया कि आखिरी ओवर डालते वक्त उनके दिमाग में 2016 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल घूम रहा था, जब कार्लोस ब्रेथवेट ने बेन स्टोक्स के एक ओवर में चार छक्के जड़कर वेस्टइंडीज को चैंपियन बनाया था।
करन ने कहा, 'अजीब तरह से मेरे दिमाग में 2016 का फाइनल आ गया था। मैंने सोचा, अगर मैं सही तरीके से यॉर्कर डालूं, तो कोई मुझे छक्का नहीं मार सकता।'
हैरी ब्रूक से क्या बोले करन?
आखिरी ओवर से पहले सैम करन ने कप्तान हैरी ब्रूक से अपनी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा, 'मैंने ब्रूकी से कहा था—मैं यहां छह यॉर्कर डालने पर भरोसा कर रहा हूं। अगर सही से नहीं कर पाया, तो जिम्मेदारी मेरी होगी।'
नेपाल की जमकर तारीफ, बताया ‘खतरनाक टीम’
सैम करन ने नेपाल के प्रदर्शन की जमकर सराहना करते हुए उन्हें टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक टीमों में से एक बताया।
उन्होंने कहा, 'नेपाल को पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। आज की क्रिकेट में एसोसिएट टीमें लगातार मजबूत हो रही हैं और नेपाल इस वर्ल्ड कप में किसी के लिए भी खतरा बन सकती है।'
गेंदबाजी में उतार-चढ़ाव, लेकिन निर्णायक भूमिका
करन ने अपने चार ओवर में 27 रन दिए। उन्होंने नेपाल के स्टार बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह ऐरी को आउट किया, जिन्होंने 29 गेंदों में 44 रन बनाए। हालांकि, बल्लेबाजी में करन कुछ खास नहीं कर सके और 8 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।
इंग्लैंड ने टाला बड़ा उलटफेर
नेपाल ने वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को अंत तक दबाव में रखा और दर्शकों से जमकर तालियां बटोरीं। हालांकि, अनुभव और संयम के दम पर इंग्लैंड ने मैच जीतकर राहत की सांस ली।