नागोया : एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत से पहले भारतीय दल की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। आवास समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर खिलाड़ियों की शिकायतों के बीच स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने अपने साथी भारतीय खिलाड़ियों से खास अपील की है। मनु ने खिलाड़ियों से कहा कि वे समस्याओं को लेकर शिकायत करने में अपनी ऊर्जा बर्बाद करने के बजाय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान दें।
एशियन गेम्स की व्यवस्थाओं को लेकर सामने आईं समस्याएं
भारत समेत कई देशों के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स के लिए की गई व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है। इनमें सबसे प्रमुख समस्या खिलाड़ियों के रहने से जुड़ी बताई जा रही है। नागोया में कई खिलाड़ियों को आवास और अन्य सुविधाओं से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
मनु भाकर ने साथी खिलाड़ियों से की खास अपील
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की ओर से जारी एक वीडियो संदेश में मनु भाकर ने भारतीय खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं भारत के अपने सभी साथी खिलाड़ियों से कहना चाहती हूं कि हमें कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। मैंने सोशल मीडिया पर कुछ मुद्दे देखे हैं और लोग मुझे बता रहे हैं कि ये मुद्दे हैं।'
मनु ने आगे कहा, 'हमारे सामने चाहे कितनी भी समस्याएं हों, यह शायद जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर और अनुभव है। हमें शिकायत करने के बजाय इस समय का आनंद लेना चाहिए।'
'अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए'
पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकीं मनु ने खिलाड़ियों को अपनी तैयारियों पर भरोसा रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, 'हमने अपनी तरफ से पूरी तैयारी की है, इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए। यहां तक पहुंचने के लिए हमने बहुत मेहनत की है और हमें सही और गलत बताने में अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'पदक मिले या न मिले, यह अलग बात है, लेकिन हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।'
उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक होंगी मनु भाकर
24 वर्षीय मनु भाकर को एशियन गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के दो ध्वजवाहकों में से एक के रूप में चुना गया है। यह जिम्मेदारी मिलने पर मनु ने इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का पल बताया। मनु ने कहा, 'जब मुझे इस बात का पता चला कि मुझे ध्वजवाहक के रूप में चुना गया है, तो मुझे अपने शुरुआती दिनों की याद आ गई। यह वाकई गर्व और सम्मान की बात है।'
पेरिस ओलंपिक में जीते थे दो पदक
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते थे। वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। अब एशियन गेम्स में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है और उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक के तौर पर वह भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।