Sports

दुबई : पाकिस्तान महिला टीम की खिलाड़ी सिदरा अमीन को आईसीसी आचार सहिंता के लेवल 1 के उल्लंघन को लेकर फटकार लगाई गई है। सिदरा को आईसीसी आचार सहिंता के लेवल 1 के आटिर्कल 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। जो‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या वस्त्र, मैदान उपकरण या फिटिंग का दुरुपयोग'से संबंधित है। इसके लिए उन्हें आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई। 

इसके अलावा, सिदरा के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। यह उनके लिए यह 24 महीने में दूसरी गलती थी, जिससे उनके डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या दो हो गई। यह घटना रविवार को ब्लोमफोंटेन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले के दौरान पाकिस्तान की पारी के 24वें ओवर में हुई, जब आउट होने के बाद, सिदरा ने क्रीज छोड़ने से पहले अपना बल्ला जमीन पर पटक दिया। 

पांच अक्टूबर को भारत के खिलाफ आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप 2025 मैच के दौरान इसी गलती के लिए उन्हें एक डिमेरिट अंक दिया गया था। सिदरा ने अपनी गलती मान ली और अंतरराष्ट्रीय पैनल ऑफ मैच रेफरी के शैंड्रे फ्रिट्ज द्वारा सुझाई गई सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए इस पर सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर केरिन क्लास्टे और निमाली परेरा, तीसरे अंपायर लॉरेन एजेनबैग और चौथे अंपायर स्टेसी लैके ने सिदरा पर आरोप लगाये थे।