Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फरवरी 2026 के लिए Women’s Player of the Month अवॉर्ड के नॉमिनेशन की घोषणा कर दी है। इस बार एशियाई क्रिकेट की तीन स्टार खिलाड़ी—भारत की अरुंधति रेड्डी, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना और श्रीलंका की बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा—इस रेस में शामिल हैं।

अरुंधति रेड्डी का दमदार प्रदर्शन

भारतीय तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीत (2-1) में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने तीन मैचों में 8 विकेट लेकर सीरीज की सबसे सफल गेंदबाज बनीं। रेड्डी का औसत 10.87 और इकॉनमी 7.25 रही, जो उनके शानदार कंट्रोल और प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने 4/22, 2/30 और 2/35 जैसे मैच विनिंग स्पेल डाले और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

फातिमा सना का ऑलराउंड कमाल

पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टी20 सीरीज में उन्होंने 146 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 73.00 और स्ट्राइक रेट 184.81 रहा। पहले टी20 मैच में नंबर 8 पर आकर 41 गेंदों में 90 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। यह किसी भी पाकिस्तानी महिला खिलाड़ी द्वारा टी20 में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।

इसके अलावा तीसरे टी20 में नाबाद 47 रन और 2/12 की गेंदबाजी कर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी जीता। वनडे फॉर्मेट में भी उन्होंने एक अर्धशतक और कुल 6 विकेट लेकर टीम के लिए अहम योगदान दिया।

हर्षिता समरविक्रमा की लगातार शानदार बल्लेबाजी

श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज (2-1) में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 मैचों में 171 रन बनाए और 57.00 की औसत से सीरीज की टॉप स्कोरर रहीं। उनकी पारियों में 66, 35 और 70 रन शामिल हैं, जिसने टीम को हर मैच में मजबूती दी। उनकी स्थिर बल्लेबाजी श्रीलंका की सीरीज जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।

कड़ी टक्कर, कौन मारेगा बाजी?

तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में ICC Women’s Player of the Month अवॉर्ड के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है।