Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के कुछ दिनों बाद आईसीसी (ICC) ने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर कार्रवाई की है। उन्हें मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी के अनुसार अर्शदीप ने ICC कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 का उल्लंघन किया था। यह घटना भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले के दौरान हुई थी।

किस वजह से लगा जुर्माना

आईसीसी की प्रेस रिलीज के अनुसार अर्शदीप सिंह ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया। यह नियम मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट उपकरण फेंकने से जुड़ा है। यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब अर्शदीप का थ्रो बल्लेबाज डैरिल मिचेल के शरीर पर जा लगा।

मैदान पर कुछ देर के लिए बढ़ा तनाव

घटना के बाद मैदान पर कुछ समय के लिए माहौल थोड़ा गर्म हो गया था। हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया और अर्शदीप सिंह ने मिचेल से माफी भी मांगी।

अर्शदीप ने बताया क्या हुआ था

मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि उनका किसी को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था।

उन्होंने कहा, 'मैंने मिचेल से जाकर माफी मांगी। मेरा थ्रो थोड़ा ज्यादा रिवर्स स्विंग हो गया और गेंद उनके शरीर पर लग गई। मैंने उन्हें बताया कि यह जानबूझकर नहीं किया गया था।'

टीम इंडिया के प्रदर्शन पर जताया भरोसा

अर्शदीप सिंह ने पूरे टूर्नामेंट में टीम के आत्मविश्वास की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी हैं और शुरुआत से ही सभी को विश्वास था कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, 'हमारी टीम शानदार है, हर खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखता है। परिणाम चाहे जो भी हो, यह हमारे लिए केक पर आईसिंग जैसा है।'

जीत की भावना को समझने में लगेगा समय

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपनी भावनाओं पर बात करते हुए अर्शदीप ने कहा कि अभी उन्हें पूरी तरह समझ नहीं आ रहा कि यह उपलब्धि कितनी बड़ी है। उन्होंने कहा कि शायद दो-तीन दिनों बाद जब सब शांत होगा, तब उन्हें इस ऐतिहासिक जीत का असली एहसास होगा।