स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि हाल के समय में स्पिनर रवींद्र जडेजा का गेंद से असर कम हुआ है। अश्विन ने यह बात बुधवार को गाले में दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में श्रीलंका पर भारत की शानदार जीत के बाद कही। 372 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम युवा स्पिनर मानव सुथार के सामने लड़खड़ा गई। सुथार ने मैच में कुल 10 विकेट लिए, जिसमें एक पारी में छह विकेट भी शामिल थे। नतीजतन श्रीलंका की टीम 206 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 165 रनों से बड़ी जीत हासिल की।
जडेजा ने मैच में 4विकेट लिए लेकिन अश्विन ने कहा कि टीम में इस ऑलराउंडर की भूमिका बदल गई है। अब एक आक्रामक स्पिनर के बजाय मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर उनका योगदान ज्यादा अहम हो गया है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, 'जडेजा और सुथार बिल्कुल अलग तरह के गेंदबाज हैं। सुथार की ताकत उनके हाथों से गेंद को घुमाना (रोटेशन) है। जडेजा विकेट पर गेंदबाजी करते हैं और अपनी सामान्य गेंदों (स्टॉक बॉल्स) से कंट्रोल बनाए रखते हैं। मुझे लगता है कि जडेजा अब उतने आक्रामक स्पिनर नहीं रहे। वह एक ऐसे बल्लेबाज हैं जो गेंदबाजी में अनुभव भी देते हैं और मुझे लगता है कि उन्होंने उस भूमिका को अपना लिया है, जो कोई बुरी बात नहीं है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मानव सुथार ने पिछले टेस्ट और इस टेस्ट में भी यह साबित किया है कि उन्हें विकेट लेना आता है। वह भांप रहे थे कि बल्लेबाज क्या कर सकते हैं और उसी हिसाब से गेंदबाजी कर रहे थे। मुझे लगता है कि विकेट लेने के मामले में, गेंद हाथ से कैसे निकलती है, इसका कोई खास संबंध नहीं है। आप उसका इस्तेमाल कैसे करते हैं और फील्ड कैसे सेट करते हैं, यह मायने रखता है। उन्होंने पहले दो टेस्ट में अपनी काबिलियत का शानदार प्रदर्शन किया है। भारत के स्पिन बॉलिंग विकल्पों के लिए वह बहुत अहम हैं।'
भारत की जीत पर बात करते हुए अश्विन ने शानदार प्रदर्शन का श्रेय पूरी टीम को दिया, लेकिन सुथार की खास तौर पर तारीफ की जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दूसरी बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। अश्विन ने कहा, 'गॉल में पहली पारी का औसत स्कोर 433 है। जब भारत ने टॉस जीतकर 450 से ज्यादा रन बनाए, तो उसी समय सबको पता चल गया था कि श्रीलंका के लिए यह मुश्किल होने वाला है। लेकिन मुझे लगता है कि श्रीलंका ने बहुत अच्छा खेला और एक युवा टीम होने के बावजूद अच्छी टक्कर दी। देवदत्त पडिक्कल का खेल शानदार था। ध्रुव जुरेल ने अच्छा खेला। ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में बेहतरीन इनिंग खेली। केएल राहुल की बैटिंग हमेशा की तरह बढ़िया रही। मानव सुथार सबसे खास रहे, हर कोई उनके बारे में बात करेगा।'