स्पोर्ट्स डेस्क : न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में तूफानी शतक जड़ने वाले ईशान किशन ने साफ कर दिया है कि उनकी नजरें सिर्फ और सिर्फ T20 वर्ल्ड कप 2026 पर टिकी हैं। मैच के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में ईशान ने कहा कि वह अभी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर तक नहीं पहुंचे हैं और बड़े लक्ष्य के लिए खुद से और ज्यादा मेहनत की उम्मीद रखते हैं।
5वें टी20 में ईशान किशन का मैच विनिंग शतक
तिरुवनंतपुरम में खेले गए मुकाबले में ईशान किशन ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने महज 43 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे। इस पारी ने भारत की जीत की नींव रखी।
‘अभिषेक के साथ बल्लेबाजी से मिला फायदा’
ईशान किशन ने अपनी पारी का श्रेय ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा को भी दिया। उन्होंने कहा, 'शुरुआत में गेंद थोड़ी मूव कर रही थी, लेकिन अभिषेक के साथ बल्लेबाजी करने से मदद मिलती है। उसके इंटेंट को देखकर आपको समझ आता है कि टीम को किस तरह का मोमेंटम चाहिए और फिर आप उसी हिसाब से खेलते हैं।'
करियर का रिडेम्पशन फेज: घरेलू क्रिकेट से टीम इंडिया तक
ईशान किशन का यह प्रदर्शन उनके करियर के रिडेम्पशन चैप्टर की तरह देखा जा रहा है। 2024 में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट गंवाने के बाद ईशान ने जोरदार वापसी की और झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम में वापसी की।
न्यूजीलैंड सीरीज में आंकड़े बोले
पूरी सीरीज में ईशान किशन का बल्ला जमकर बोला— मैच: 4, रन: 215, औसत: 53.75, स्ट्राइक रेट: 231 से ज्यादा, इन आंकड़ों ने उन्हें सीरीज के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल कर दिया।
‘अभी वहां नहीं पहुंचा हूं’ – ईशान का बड़ा बयान
पोस्ट-मैच बातचीत में ईशान ने व्यक्तिगत उपलब्धियों को ज्यादा अहमियत न देने की बात कही। उन्होंने कहा, मुझे अभी भी लगता है कि मैं वहां नहीं पहुंचा हूं। हां, अवॉर्ड मिल रहे हैं, रन बन रहे हैं, लेकिन मेरा फोकस पूरी तरह वर्ल्ड कप पर है। वहां अतिरिक्त मेहनत की जरूरत होगी और इसी फॉर्म को आगे ले जाना सबसे जरूरी है।'
मैच का पूरा हाल: कैसे भारत ने जीता मुकाबला
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे। संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए, अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए, इसके बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने 137 रन की तूफानी साझेदारी की। ईशान किशन: 103 (43 गेंद), सूर्यकुमार यादव: 63 (30 गेंद), आखिर में हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों पर 42 रन ठोककर भारत को 271/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की लड़खड़ाती चेज
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने फिन एलन (80 रन) और रचिन रवींद्र की साझेदारी से उम्मीद जगाई, लेकिन एलन के आउट होते ही टीम बिखर गई। अर्शदीप सिंह: 5/51, अक्षर पटेल: 3/33, न्यूजीलैंड की टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने मैच 46 रन से जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम की।