स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में ईशान किशन को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी मिलना सभी के लिए चौंकाने वाला फैसला रहा। पहले चार मैचों में विकेट के पीछे संजू सैमसन नजर आए थे, लेकिन सीरीज के निर्णायक मुकाबले में यह भूमिका ईशान किशन को सौंपी गई। अब इस फैसले के पीछे की वजह कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दी है।
पहले से तय थी विकेटकीपिंग की योजना
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने खुलासा किया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया था। उन्होंने कहा, 'तिलक वर्मा उपलब्ध नहीं थे, इसलिए पहले मैच से ही दोनों विकेटकीपर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। सीरीज शुरू होने से पहले ही तय कर लिया गया था कि संजू तीन मैचों में और ईशान दो मैचों में विकेटकीपिंग करेंगे।'
चौथे टी20 में चोट बनी बाधा
सूर्यकुमार ने आगे बताया कि ईशान किशन को चौथे टी20 में विकेटकीपिंग करनी थी, लेकिन हल्की चोट (निगल) के कारण वह उस मुकाबले में नहीं खेल पाए। 'दुर्भाग्य से ईशान पिछला मैच चोट के कारण नहीं खेल सके, वरना वह उसी मैच में विकेटकीपिंग करते। आज तो वह वैसे भी तय प्लान के मुताबिक विकेट के पीछे थे,' कप्तान ने यह भी जोड़ा कि वर्ल्ड कप से पहले टीम में ऐसी प्रतिस्पर्धा बिल्कुल स्वाभाविक है।
सीरीज में ईशान किशन का दमदार प्रदर्शन
ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अपने प्रदर्शन से मजबूत बयान दिया। करीब दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए उन्होंने चार मैचों में 215 रन बनाए और भारत के शीर्ष प्रदर्शनकर्ताओं में शामिल रहे।
कप्तान सूर्यकुमार ने की जमकर तारीफ
सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, 'हम चाहते थे कि वह गेम-चेंजर बनें। जिस तरह से उन्होंने हर मैच में बल्लेबाजी की, उससे उन्होंने खुद को साबित कर दिया। उनके और अभिषेक शर्मा के साथ बल्लेबाजी करना वाकई मजेदार रहा। जब ये दोनों साथ खेलते हैं तो शुरुआत में ही विपक्षी टीम पर दबाव बना देते हैं, जिससे मिडिल ऑर्डर और फिनिशर्स पर दबाव कम हो जाता है।'
T20 वर्ल्ड कप पर टीम इंडिया का फोकस
टी20 सीरीज अपने नाम करने के बाद अब भारतीय टीम का पूरा ध्यान T20 वर्ल्ड कप 2026 पर है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को USA के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला वांखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा।