Sports

नई दिल्ली : कई भारतीय क्रिकेटर (जिनमें IPL खिलाड़ी भी शामिल हैं) पतली बॉडी पाने के लिए डॉक्टर की सलाह से मिलने वाले वजन घटाने वाले इंजेक्शन का सहारा ले रहे हैं। यह ट्रेंड युवा खिलाड़ियों में भी देखा जा रहा है, जो बिना किसी मेडिकल जरूरत के इन दवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह बात कही गई है लेकिन पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी खास खिलाड़ी का नाम सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट में पतली बॉडी या फिट शरीर पर बढ़ते जोर ने इस चलन को बढ़ावा दिया है।

CricBlogger ने एक सूत्र के हवाले से कहा गया, 'इसे रेगुलर वर्कआउट के साथ-साथ वजन घटाने का एक शॉर्टकट माना जा रहा है इसीलिए कुछ क्रिकेटर इसे अपना रहे हैं। यहां तक कि बॉलीवुड स्टार्स भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।' रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विराट कोहली के फिटनेस में आए जबरदस्त बदलाव ने खेल में एथलेटिक फिटनेस का एक ऐसा स्टैंडर्ड सेट किया है जिसे सब मानते हैं, और कुछ क्रिकेटर वैसी ही पतली बॉडी बनाए रखने का दबाव महसूस करते हैं।

GLP-1, या ग्लूकागन-लाइक पेप्टाइड-1, एक हार्मोन है जिसे खाना खाने के बाद आंतें रिलीज करती हैं। यह अग्न्याशय (pancreas) को इंसुलिन बनाने का संकेत देता है, पेट खाली होने की गति को धीमा करता है और भूख कम करने के लिए दिमाग को संदेश भेजता है। इस हार्मोन के फार्मास्युटिकल वर्शन, जैसे ओजेम्पिक (Ozempic) और माउंजारो (Mounjaro), मुख्य रूप से टाइप-2 डायबिटीज और कुछ मामलों में क्लीनिकली परिभाषित मोटापे के इलाज के लिए विकसित किए गए थे।

मेडिकल एक्सपर्ट्स की मानें तो ये इलाज कॉस्मेटिक टूल नहीं हैं और इनका इस्तेमाल केवल सही मेडिकल देखरेख में उन मरीजों के लिए किया जाना चाहिए जिन्हें इसकी मेडिकल जरूरत हो। इनके साइड इफेक्ट्स में जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, कब्ज, पेट में तकलीफ और पेट फूलना शामिल हो सकते हैं, और कुछ मरीजों में ज्यादा गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं।

हाल के महीनों में भारत में GLP-1 इलाज की उपलब्धता काफ़ी बढ़ी है। टिरजेपेटाइड (tirzepatide) वाली दवा 'माउंजारो' (Mounjaro) मार्च 2025 में भारत में लॉन्च हुई। इसकी कीमत 2.5 mg डोज के लिए लगभग ₹13,125 प्रति महीना और 15 mg डोज के लिए ₹25,781 प्रति महीना है। वजन घटाने के लिए खास तौर पर मंजूर की गई सेमाग्लूटाइड (semaglutide) आधारित दवा 'वेगोवी' (Wegovy) जून 2025 में भारत में लॉन्च हुई, जिसकी शुरुआती डोज़ की कीमत लगभग ₹17,345 प्रति महीना है। 

सूत्र ने आगे बताया, 'GLP-1 एक प्राकृतिक गट हार्मोन है जो छोटी आंत और कोलन में बनता है। यह खाना खाने के बाद रिलीज होता है और अग्न्याशय (pancreas) को इंसुलिन रिलीज करने का संकेत देता है, पेट में पाचन की गति धीमी करता है और दिमाग को पेट भरा होने का एहसास कराता है।' सूत्र ने कहा, 'इसे रेगुलर वर्कआउट के साथ-साथ वजन घटाने के एक शॉर्टकट के तौर पर देखा जा रहा है। इसीलिए कुछ क्रिकेटर इसे अपना रहे हैं। बॉलीवुड स्टार्स भी इसमें दिलचस्पी ले रहे हैं।'