Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के अहम मुकाबले में भारत ए ने अफगानिस्तान ए को 101 रन से हराकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 319 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ए की पूरी टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर ढेर हो गई।

प्रियांश-वैभव ने दिलाई तेज शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए को प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसके बाद प्रियांश आर्य ने 42 गेंदों में 58 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था।

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने संभाली पारी

ऋतुराज गायकवाड़ 30 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने चौथे विकेट के लिए 104 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिलक ने 75 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि कुशाग्र ने 67 गेंदों में 58 रन की उपयोगी पारी खेली। अंतिम ओवरों में विप्रज निगम ने 20 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 319 रन तक पहुंचाया।

फरीदून और अहमदजई ने झटके दो-दो विकेट

अफगानिस्तान ए की ओर से फरीदून दावूदजई, अब्दुल्लाह अहमदजई और फरमान सोफी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जहीर खान को एक सफलता मिली।

320 रन का पीछा करते हुए बिखरी अफगानिस्तान ए

320 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और विपक्षी बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया। मध्यक्रम में कुछ बल्लेबाजों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन नियमित विकेट गिरने के कारण टीम दबाव से बाहर नहीं निकल सकी। अंततः अफगानिस्तान ए की पूरी टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर सिमट गई और भारत ए ने मुकाबला 101 रन से अपने नाम कर लिया।

फाइनल की उम्मीदें अब भी कायम

इस बड़ी जीत के साथ भारत ए ने चार मैचों में चार अंक हासिल कर लिए हैं। अब फाइनल का फैसला अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए के बीच होने वाले आखिरी मुकाबले के बाद नेट रन रेट के आधार पर होगा। भारत ए की यह जीत बड़े अंतर से आई है, जिससे उसका नेट रन रेट भी काफी मजबूत हुआ है।