Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ फुटबॉल प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के कारोबारियों के लिए भी बड़ी कमाई का मौका बन गया है। रविवार को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले से पहले देशभर के रेस्टोरेंट, पब, माइक्रोब्रुअरी और टीवी कंपनियां जबरदस्त मांग का सामना कर रही हैं। फुटबॉल फाइनल के उत्साह ने वीकेंड बिजनेस को नई रफ्तार दे दी है।

रेस्टोरेंट और पब में रिकॉर्ड बुकिंग

देश के कई बड़े शहरों में पब और माइक्रोब्रुअरी में एडवांस बुकिंग सामान्य वीकेंड की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है। कई राज्यों ने फाइनल मैच को देखते हुए देर रात तक पब और बार खुले रखने की अनुमति दी है। कई रेस्टोरेंट्स ने अपनी किचन सर्विस भी सुबह तक जारी रखने का फैसला किया है ताकि देर रात फूड डिलीवरी की बढ़ती मांग पूरी की जा सके।

बड़े स्क्रीन वाले TV की बिक्री में जबरदस्त उछाल

फुटबॉल फाइनल का असर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। टीवी कंपनियों के अनुसार पिछले चार-पांच दिनों में 55 इंच और उससे बड़े टीवी की मांग में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कैशबैक, ईएमआई और अन्य विशेष ऑफर भी दे रही हैं।

फाइनल के लिए खास ऑफर और मेन्यू

रेस्टोरेंट और फूड चेन ने फाइनल मुकाबले के लिए विशेष वर्ल्ड कप कॉम्बो और मैच-नाइट मेन्यू तैयार किए हैं। स्पेशलिटी रेस्टोरेंट्स, सोशल और आयरनहिल जैसी कंपनियां फुटबॉल थीम पर ऑफर चला रही हैं। कई जगहों पर विशेष पेय पदार्थ और मैच स्पेशल डिश भी ग्राहकों के लिए पेश की जा रही हैं।

मेट्रो शहरों में सबसे ज्यादा असर

उद्योग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस बार फुटबॉल वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा असर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद जैसे मेट्रो शहरों के अलावा पश्चिम बंगाल, केरल, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिल रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला फाइनल इस वीकेंड की बिक्री को सामान्य दिनों की तुलना में करीब डेढ़ गुना तक बढ़ा सकता है।