लंदन: इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने फुटबॉल की दुनिया में इतिहास रच दिया है। बायर्न म्यूनिख के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 2026 का बैलन डी'ओर अवॉर्ड अपने नाम किया। लंदन में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। केन पिछले 25 वर्षों में बैलन डी'ओर जीतने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले सीजन क्लब और देश के लिए उनके 73 गोल इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सबसे बड़ी वजह बने।
25 साल बाद इंग्लैंड को मिला बैलन डी'ओर विजेता
हैरी केन से पहले इंग्लैंड के माइकल ओवेन ने 2001 में बैलन डी'ओर जीता था। अब 25 साल बाद केन ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल करके इंग्लिश फुटबॉल को नई पहचान दिलाई है। वह इस सम्मान को जीतने वाले इंग्लैंड के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले स्टेनली मैथ्यूज, बॉबी चार्ल्टन, केविन कीगन और माइकल ओवेन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
एक सीजन में 73 गोल ने दिलाया बड़ा सम्मान
हैरी केन ने पिछले सीजन क्लब और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में कुल 73 गोल किए। उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की दौड़ में सबसे आगे पहुंचा दिया। फ्रांस की प्रतिष्ठित फुटबॉल पत्रिका 'फ्रांस फुटबॉल' की ओर से दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए केन को उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला।
एम्बाप्पे और लामिन यामाल को छोड़ा पीछे
बैलन डी'ओर 2026 की दौड़ में केन को कड़ी चुनौती मिली थी। रियल मैड्रिड के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे और बार्सिलोना के युवा विंगर लामिन यामाल भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के दावेदार थे। हालांकि, शानदार गोल रिकॉर्ड और पिछले सीजन के प्रदर्शन के दम पर केन ने दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
अवॉर्ड जीतने के बाद भावुक हुए हैरी केन
पुरस्कार मिलने के बाद हैरी केन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'वाह, मेरे पास कहने के लिए लगभग शब्द ही नहीं हैं। सबसे पहले, इस शानदार समारोह के लिए फ्रांस फुटबॉल और बैलन डी'ओर का धन्यवाद। लंदन में यह सम्मान मिलना मेरे लिए और भी खास है। ऐसा लग रहा था, जैसे यह जगह मेरे लिए शुभ संकेत लेकर आई हो।'
बैलन डी'ओर समारोह में हुई देरी
पुरस्कार समारोह से कुछ घंटे पहले भी विवाद जैसी स्थिति देखने को मिली। बैलन डी'ओर की वेबसाइट पर 2026 के पुरुष पुरस्कार के विजेता के रूप में हैरी केन, लामिन यामाल और किलियन एम्बाप्पे के नाम से तीन अलग-अलग लेख प्रकाशित हो गए थे। बाद में लंदन में यातायात की समस्या के कारण समारोह भी निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से शुरू हुआ।
बायर्न म्यूनिख के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धि
हैरी केन की जीत बायर्न म्यूनिख के लिए भी खास रही। वह पिछले 45 वर्षों में बैलन डी'ओर जीतने वाले क्लब के पहले खिलाड़ी बने। केन ने इस सम्मान के साथ न केवल अपने व्यक्तिगत करियर में नया अध्याय जोड़ा, बल्कि इंग्लैंड के फुटबॉल इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा लिया।