Sports

नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के लिए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के विकल्प के तौर पर सोमवार को श्रीलंका के दुष्मंथा चमीरा (Dushmantha Chameera) को टीम में शामिल किया। आईपीएल आयोजकों ने बयान में कहा कि चमीरा 50 लाख रुपए की आधार कीमत पर केकेआर से जुड़े हैं।


श्रीलंका का यह तेज गेंदबाज 2018 और 2021 सत्र में क्रमश: राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का हिस्सा रह चुका है। चमीरा ने 2022 सत्र में लखनऊ सुपर जाइंट्स का प्रतिनिधित्व किया और 12 मैच में 9 विकेट चटकाए। दूसरी तरफ महिला प्रीमियर लीग (WPL) की सबसे महंगी अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) भारतीय खिलाड़ी केशवी गौतम चोट के कारण टूर्नामेंट के दूसरे सत्र से बाहर हो गई हैं। 


गुजरात जाइंट्स ने केशवी को 2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था। टीम ने मुंबई की सायली सथगारे को उनके विकल्प के रूप में अपने साथ जोड़ा है। सायली की रिजर्व कीमत 10 लाख रुपए थी। भारतीय ऑलराउंडर कनिका आहूजा भी चोट के कारण डब्ल्यूपीएल 2024 से बाहर हो गई हैं। 


आईपीएल 2024 में केकेआर की गेंदबाजी इकाई

मिशेल स्टार्क : ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को 20 करोड़ से भी ज्यादा रूप देकर केकेआर ने अपनी टीम में रखा। प्रमुख गेंदबाज होंगे।
दुष्मंत चमीरा : घरेलू ट्वंटी 20 लीग में श्रीलंकाई गेंदबाज शानदार रहे हैं। एशियाई पिचों का खासा अनुभव है जो काम आ सकता है।
सुयश शर्मा : घरेलू क्रिकेटर जोकि लगातार बेहतर कर रहे हैं। 
 

वैभव अरोड़ा :  क्रिकेटर ने अपने ट्वेंटी 20 की शुरुआत जनवरी 2021 को हिमाचल प्रदेश के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2020–21 में की। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
हर्षित राणा : महज 22 साल के क्रिकेटर का घरेलू फॉर्मेट में प्रदर्शन अच्छा है। वह 2 साल से केकेआर के साथ हैं।
 

सुनील नरेन : केकेआर के प्रमुख स्पिनर, जोकि लगातार बल्ले से भी सहयोग देते हैं। कम इकोनमी से टीम को फायदे देते हैं।
वरुण चक्रवर्ती : मिस्ट्री स्पिनर के नाम से मशहूर वरुण का पिछला सीजन अच्छा गया था। भारतीय पिचों पर खेलने का अनुभव केकेआर के काम आएगा।
मुजीब उर रहमान : अफगानिस्तान के युवा स्पिनर ट्वंटी 20 लीग में तेजी से बड़ा नाम बनते जा रहे हैं। इनकी स्पिन को समझना बड़े बल्लेबाजों के लिए लगातार मुश्किल हो रहा है।
 

आंद्रे रसेल : धाकड़ ऑलराऊंडर जोकि बल्ले के अलावा गेंद से शानदार प्रदर्शन करता है। रसेल फिलहाल विंडीज की नेशनल टीम से भी खेल रहे हैं जहां उन्होंने बीती सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। 
चेतन सकारिया : भारतीय युवा तेज गेंदबाज 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर चर्चा में आए हैं।
अनुकूल रॉय : बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अनुकूल सुधाकर रॉय आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2018 में खेल चुके हैं।