Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा था, जब तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए। इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया के लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। CSK ने इस खिलाड़ी को 1.5 करोड़ रुपये में साइन किया है।

नाथन एलिस क्यों हुए IPL 2026 से बाहर?

नाथन एलिस को हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे IPL 2026 से बाहर होना पड़ा। 11 मार्च को खेले गए एक घरेलू वनडे फाइनल के दौरान उनकी पुरानी चोट फिर से उभर आई, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें पूरे सीजन से आराम करने की सलाह दी। इसके बाद CSK ने तुरंत स्पेंसर जॉनसन को टीम में शामिल करने का फैसला किया।

स्पेंसर जॉनसन का IPL करियर

स्पेंसर जॉनसन इससे पहले गुजरात टाइटंस के लिए IPL खेल चुके हैं, जहां उन्हें 2024 ऑक्शन में 10 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने अब तक IPL में 9 मैच खेले हैं और 5 विकेट लिए हैं। पिछले सीजन में वह कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का भी हिस्सा थे और 4 मैच खेले थे। जॉनसन ऑस्ट्रेलिया के लिए भी व्हाइट बॉल क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 13 मैच खेले हैं और T20 इंटरनेशनल में 8 मैचों में 14 विकेट लिए हैं।

PSL छोड़कर CSK से जुड़े जॉनसन

स्पेंसर जॉनसन को पहले पाकिस्तान सुपर लीग में क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने साइन किया था, लेकिन उन्होंने निजी कारणों से PSL से नाम वापस ले लिया। इसके बाद अब वह IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे।

CSK का IPL 2026 शेड्यूल

चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 में अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी। इसके बाद टीम पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खेलेगी।

CSK की IPL 2026 टीम

CSK स्क्वॉड: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, नूर अहमद, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, जैक फाउल्क्स, मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन, श्रेयस गोपाल, गुरजपनीत सिंह, अकील हुसैन, मैट हेनरी, राहुल चाहर।