लंदन : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच के बीच एक दिलचस्प तुलना की है। उन्होंने कहा कि खेल की दुनिया के इन दोनों दिग्गजों में सबसे मुश्किल हालात में भी शांत और संयमित रहने की खास काबिलियत है।
पहली बार विंबलडन देखने पहुंचीं दीप्ति ने बताया कि कैसे धोनी भी जोकोविच की तरह ही दबाव को शांति से संभालते हैं। दीप्ति ने जियो हॉटस्टार से कहा, 'जब आप जोकोविच की बात करते हैं, तो हर कोई उनकी मानसिक मजबूती की चर्चा करता है। वे ऐसे खिलाड़ी हैं जो हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, कभी हार नहीं मानते। मुझे लगता है कि क्रिकेट में एमएस धोनी सर भी बिल्कुल ऐसे ही हैं। वे बहुत शांत और संयमित रहने के लिए जाने जाते हैं। जब भी दबाव वाले हालात आते हैं, तो वे उन्हें बहुत अच्छे से संभालते हैं। कभी ऐसा नहीं लगता कि वे किसी मुश्किल स्थिति में हैं। वे दबाव को बहुत आसानी से संभाल लेते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'जोकोविच और धोनी, दोनों में सबसे अहम मौकों पर शांत और मजबूत बने रहने की खास खूबी है। उन्हें देखकर हम सीखते हैं कि कैसे शांत रहा जाए और मुश्किल हालात से बाहर निकलने का रास्ता ढूंढा जाए।' भारतीय ऑलराउंडर ने यह भी बताया कि विंबलडन मैच को सामने से देखना उनकी बरसों पुरानी इच्छा थी। उन्होंने कहा, 'मेरा सपना था कि एक दिन मैं विंबलडन मैच देखने आऊं और आखिरकार यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। जब आप ऐसी शानदार जगह पर मैच देखने जाते हैं और जिसे आपने हमेशा टीवी पर देखा हो उसे आज पहली बार लाइव देख रहे हों, तो बहुत अच्छा लगता है। माहौल, भीड़, ऊर्जा – सब कुछ अलग होता है। मैं विंबलडन में टेनिस देखने का वाकई आनंद ले रही हूं। यह बस बहुत अच्छा लग रहा है।'
दीप्ति ने जोकोविच को अपना पसंदीदा खिलाड़ी भी बताया और सर्बियाई खिलाड़ी के जुझारूपन और प्रतिस्पर्धी जज्बे की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मेरे पसंदीदा खिलाड़ी जोकोविच हैं। मैं उनके खेल को बहुत करीब से फॉलो करती हूं। कोर्ट पर जिस तरह से वे लड़ते हैं, उनकी मानसिक मजबूती और कभी हार न मानने वाला रवैया मुझे ये सब बहुत पसंद है। उन्हें खेलते हुए देखना हमेशा प्रेरणादायक होता है।' दीप्ति ने कहा, 'मैं फेडरर और नडाल जैसे महान खिलाड़ियों को देखते हुए बड़ी हुई हूं। मैंने लंबे समय तक उनके मैच ध्यान से देखे हैं। लेकिन हाल ही में जोकोविच मेरे पसंदीदा खिलाड़ी बन गए हैं। अब मैं किसी और के मुकाबले उनके मैच ज्यादा देखती हूं।'
जब उनसे पूछा गया कि वह विंबलडन में एक दिन के लिए किसके साथ जाना चाहेंगी, तो दीप्ति ने तीन भारतीय क्रिकेट दिग्गजों के नाम लिए। उन्होंने कहा, 'मैं अपने साथ तीन लोगों सचिन तेंदुलकर सर, रवि शास्त्री सर और सुनील गावस्कर सर को ले जाना चाहूंगी। वे सभी अपने-अपने क्षेत्र के दिग्गज हैं, और मुझे लगता है कि उनके साथ टेनिस देखना एक शानदार अनुभव होगा। उन्हें खेलों के बारे में बहुत जानकारी है और मैच देखते समय उनके विचार और विश्लेषण सुनना मुझे बहुत अच्छा लगेगा।'
दीप्ति दो दिनों में विंबलडन जाने वाली दूसरी भारतीय क्रिकेटर हैं। बुधवार को भारत के पूर्व ओपनर शिखर धवन ऑल-इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर नजर आए थे।