Sports

सिडनी : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर को सिडनी की अदालत में ड्रिंक-ड्राइविंग मामले में दोषी ठहराया गया है और अब उन्हें गाड़ी चलाने के लिए इंटरलॉक डिवाइस का इस्तेमाल करना होगा। 39 वर्षीय वॉर्नर पर 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग के लिए 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया। यह घटना ईस्टर संडे की है, जब वे रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट के पास पहुंचने पर एक यात्री के साथ अपनी सीट बदलने की कोशिश कर रहे थे। 

पूर्व टेस्ट ओपनर पर 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप तब लगा जब 5 अप्रैल को सिडनी के पूर्वी इलाके में रैंडम ब्रेथ टेस्ट के दौरान उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा कानूनी सीमा से दोगुनी से भी ज्यादा पाई गई, वे टेस्ट साइट से कुछ पहले ही रुक गए थे। पिछले महीने वॉर्नर ने सिडनी की अदालत में ड्रिंक-ड्राइविंग का आरोप स्वीकार कर लिया था। यह घटना 5 अप्रैल (ईस्टर संडे) को हुई थी, जब वॉर्नर एक वैन चला रहे थे और रैंडम ब्रेथ-टेस्टिंग साइट से पहले ही रुकने के कारण चर्चा में आ गए थे। 

अदालत ने इस मामले में अंतिम सजा सुनाने के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की थी, जहां वॉर्नर को 'मिड-रेंज' ड्रिंक-ड्राइविंग के उल्लंघन के लिए स्थानीय ट्रैफिक कानूनों के तहत सजा का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार वॉर्नर के वकील अवैस अहमद ने तर्क दिया कि उन्हें इस अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए क्योंकि मीडिया कवरेज के कारण उन्हें पहले ही अतिरिक्त सजा मिल चुकी है। 

अवैस ने वेवरली लोकल कोर्ट को बताया कि उनके क्लाइंट की इस गलती को ESPN, अल जजीरा और अन्य सहित दुनिया भर के मीडिया आउटलेट्स में दिखाया गया था। भारत और बांग्लादेश जैसे देशों में, जहां वॉर्नर टी20 फ्रैंचाइजी लीग में खेलने की कोशिश कर सकते हैं, 'शराब न पीने की संस्कृति' को पसंद किया जाता है। उन्होंने कहा, 'उनके अपराध के परिणाम बहुत गंभीर हैं। इससे कमर्शियल मौकों पर असर पड़ रहा है।' इस अपराध के लिए दोषी ठहराए जाने (जिसमें अल्कोहल की मात्रा कानूनी सीमा से दोगुनी से ज्यादा थी) के कारण आगामी BBL सीजन के लिए थंडर टीम के कप्तान के तौर पर उनकी स्थिति पर भी संदेह पैदा हो गया है। 

वॉर्नर को तब गिरफ्तार किया गया था जब वे पाकिस्तान से ईस्टर की छुट्टी पर घर लौट रहे थे, पाकिस्तान में उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी की थी। हालांकि आरोप लगने के बाद वे अपना PSL अभियान जारी रखने के लिए पाकिस्तान लौट गए थे। अवैस ने अपराध की मामूली प्रकृति को देखते हुए वॉर्नर की गिरफ़्तारी के बारे में NSW पुलिस द्वारा प्रेस रिलीज जारी करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। वकील ने कहा, 'इसके बाद मीडिया की तरफ से बहुत ज्यादा आलोचना हुई।'

जज क्लेयर फार्नन ने कहा कि वॉर्नर और उनकी पत्नी कैंडिस वॉर्नर के बारे में सोशल मीडिया पर क्रूर टिप्पणियां किए जाने के सबूत थे। लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें दोषी ठहराने के फैसले में सबसे अहम बात लोगों को शराब पीकर गाड़ी चलाने से रोकना था और अपराध इसलिए और गंभीर हो गया क्योंकि उस समय कार में बच्चे भी मौजूद थे। वॉर्नर इंटरलॉक लाइसेंस के लिए आवेदन करने और अपनी कार में यह डिवाइस लगवाने के बाद गाड़ी चला सकेंगे। अगर इंटरलॉक डिवाइस को उनके शरीर में अल्कोहल का पता चलता है, तो यह कार को स्टार्ट नहीं होने देगा।